17 से 24 अक्टूबर तक बर्नपुर में होगा 53वां गुरमत शिक्षा कैंप, जमशेदपुर के बच्चों को अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में सिख फोरम कोलकाता की सात सदस्यीय टीम ने सोमवार को सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) के कार्यालय पहुंचकर 17 से 24 अक्टूबर तक बर्नपुर, पश्चिम बंगाल स्थित गुरुद्वारा साहिब में आयोजित होने वाले 53वें गुरमत शिक्षा कैंप का निमंत्रण दिया। टीम ने CGPC पदाधिकारियों को आमंत्रण पत्र सौंपते हुए जमशेदपुर की संगत एवं बच्चों को कैंप में अधिक से अधिक संख्या में शामिल कराने का आग्रह किया।

सिख फोरम कोलकाता की ओर से प्रत्येक वर्ष दुर्गा पूजा की छुट्टियों के दौरान विभिन्न स्थानों पर आठ दिवसीय गुरमत शिक्षा कैंप आयोजित किया जाता है। इस वर्ष कैंप का आयोजन बर्नपुर में किया जा रहा है।
प्रतिनिधियों ने बताया कि कैंप में देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले अनुभवी एवं प्रतिष्ठित प्रचारकों द्वारा बच्चों को गुरमत, सिख इतिहास, सिख सिद्धांत एवं धार्मिक शिक्षा दी जाती है। कैंप में शामिल बच्चों के रहने, भोजन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं आयोजकों की ओर से की जाती हैं।
सिख फोरम की टीम ने CGPC से आग्रह किया कि जमशेदपुर से भी प्रतिनिधियों के साथ संगत को कैंप में भेजा जाए और अधिक से अधिक बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
बच्चों के पंजीकरण के लिए जसवंत सिंह जस्सू से करें संपर्क
जमशेदपुर से बच्चों के पंजीकरण एवं उन्हें कैंप तक ले जाने की व्यवस्था में जसवंत सिंह जस्सू सहयोग करेंगे। कैंप में भाग लेने के इच्छुक बच्चों के अभिभावक उनसे संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं। इस अवसर पर सिख फोरम कोलकाता के प्रतिनिधियों गुरशरण सिंह, जसविंदर सिंह, अवतार सिंह, अमनदीप सिंह, रणजीत सिंह, जसबिंदर सिंह एवं हर्षदीप सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सिख फोरम के प्रतिनिधियों ने सिख विजडम अकादमी तथा श्री गुरु रामदास जी भलाई केंद्र द्वारा किए जा रहे सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा कार्यों की भी जानकारी ली। प्रतिनिधियों ने CGPC की ओर से शिक्षा एवं मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में सिख समाज के लिए CGPC द्वारा शिक्षा, सेवा और सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास प्रशंसनीय हैं। बैठक में CGPC के पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद रहे।




































