फतेह लाइव, रिपोर्टर।
गौरी शंकर रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब परिसर में गुरुद्वारा के पूर्व प्रधान स्वर्गीय दर्शन सिंह की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में श्रद्धालुओं एवं समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और कुल 116 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी ज्ञानी गुरदीप सिंह निक्कू द्वारा गुरु महाराज के समक्ष अरदास के साथ हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं समाज के लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित सेंट्रल गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान भगवान सिंह ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और मानव सेवा के इस अभियान से जुड़ने की अपील की।
सेंट्रल गुरुद्वारा कमेटी के चेयरमैन शैलेंद्र सिंह ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि मानव सेवा का भी प्रमुख केंद्र है। उन्होंने स्वर्गीय दर्शन सिंह के जीवन एवं समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके सेवा भाव को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में सेंट्रल गुरुद्वारा कमेटी के वरीय उपाध्यक्ष सुखविंदर सिंह राजू, महासचिव अमरजीत सिंह, सलाहकार सुखदेव सिंह बिट्टू सहित कई लोग उपस्थित रहे।
शिविर को सफल बनाने में स्वर्गीय दर्शन सिंह के पुत्र परमजीत सिंह पम्मा, गुरुद्वारा कमेटी के वरीय उपाध्यक्ष हरजीत सिंह लाडी, पूर्व प्रधान अमरजीत सिंह गांधी, एडिटर सरबजीत सिंह बाऊ, मनजीत सिंह मलटू, पलविंदर सिंह, गुरजिंदर सिंह पिंटू, रविंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह शालू, अमरीक सिंह, रेखराज, स्वर्ण सिंह जुगनू, जितेंद्र सिंह हैप्पी, नौजवान सभा के प्रधान हरमन सिंह, इंद्रजीत कौर सहित अन्य लोगों की उल्लेखनीय भूमिका रही।




































