पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा के आग्रह पर रवि सिंह जॉली ने उपलब्ध कराए पंखे, श्रद्धालुओं को मिलेगी गर्मी से राहत
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-1 स्थित गुरुद्वारा परिसर के नए शेड में सीलिंग पंखे नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं एवं धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए छह सीलिंग पंखे उपलब्ध कराए गए हैं। पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा के आग्रह पर बेब इंटरनेशनल एवं नेशनल इलेक्ट्रॉनिक के मालिक रवि सिंह जॉली ने गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी को छह सीलिंग पंखे उपलब्ध कराए।
गुरुद्वारा परिसर में नया शेड बनने के बाद से यहां पंखों की कमी महसूस की जा रही थी। विशेषकर गर्मी के दिनों में धार्मिक अनुष्ठान, कीर्तन, सामाजिक कार्यक्रम एवं अन्य आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सदस्यों द्वारा पिछले कई महीनों से शेड में पंखे लगाने की मांग की जा रही थी। अब छह सीलिंग पंखे उपलब्ध होने से जल्द ही श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
पंखे उपलब्ध कराए जाने पर गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी एवं स्थानीय लोगों ने पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा तथा रवि सिंह जॉली के प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि जनसुविधा से जुड़े ऐसे कार्यों से धार्मिक स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, वार्ड सदस्य उमेश पांडे, गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के प्रधान बलकार सिंह, जोगिंदर सिंह, अमृत कौर, जगदीप कौर, मनजीत कौर, जसविंदर कौर, सुखविंदर कौर समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।




































