पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समस्याओं के समाधान पर शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने किया विचार-विमर्श
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर स्थित डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) की ओर से कोरू फाउंडेशन के सहयोग से सतत विकास विषय पर दो दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 31 अक्टूबर एवं 2 नवंबर 2026 को किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के प्रथम दिन के सत्र का संचालन सुश्री सदफ तथा दूसरे दिन के सत्र का संचालन श्रीमती गरिमा रोहिल्ला ने किया। इस दौरान दृष्टिकोण, खोज, जांच, समाधान एवं साझा करने की प्रक्रिया के माध्यम से पर्यावरणीय और सामाजिक समस्याओं को समझने तथा उनके व्यावहारिक समाधान तलाशने पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में लाउडस्पीकर के अत्यधिक उपयोग और कचरे के अनुचित निपटान जैसी समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। प्रतिभागियों ने इन समस्याओं के प्रभावों को समझते हुए उनके समाधान और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षण समुदाय में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सामाजिक और पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना था। इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल सहित सभी शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


































