फतेह लाइव, रिपोर्टर।
झारखंड प्रदेश की प्रसिद्ध संस्था श्री बाला गणपति विलास के पूजा पंडाल में गणेश उत्सव के दौरान प्रतिदिन संध्या आरती के अवसर पर शहर के गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया जा रहा है। संस्था की इस परंपरा के तहत आमंत्रित गणमान्य लोगों के नाम एवं गोत्र का उच्चारण करते हुए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कराई जाती है और उन्हें भगवान श्री गणेश की संध्या आरती में भी शामिल किया जाता है।
इसी क्रम में 16 सितंबर 2026 की संध्या आरती के अवसर पर श्री बाला गणपति विलास के अध्यक्ष एम. शिवमणी ने पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के वरिष्ठ कांग्रेसी एवं जिला सचिव ए.आर. कैलाश को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। ए.आर. कैलाश संस्था के विशेष आमंत्रित सदस्य भी हैं।
सम्मान के अवसर पर ए.आर. कैलाश ने श्री बाला गणपति विलास की इस परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि संस्था द्वारा गणेश उत्सव के दौरान गणमान्य लोगों को सम्मान देने और उन्हें पूजा-अर्चना में शामिल करने की परंपरा सराहनीय है। उन्होंने कहा कि संध्या आरती के समय भगवान श्री गणेश के मधुर भजनों से पूरा पूजा पंडाल भक्तिमय वातावरण में बदल जाता है और श्रद्धालुओं में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है। संध्या आरती में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।




































