श्याम भक्त मंडल ने ट्रेन के चालक और गार्ड का किया अभिनंदन, खाटू श्याम के दर्शन के लिए 51 श्रद्धालु निःशुल्क तीर्थ यात्रा पर रवाना
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
संतरागाछी से जयपुर के बीच शुरू हुई नई रेल सेवा के पहले दिन टाटानगर स्टेशन पर श्याम भक्त मंडल, भालूबासा की ओर से भव्य स्वागत किया गया। मंडल के संयोजक पवन अग्रवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालुओं ने ट्रेन के चालक और गार्ड का अभिनंदन किया। नई रेल सेवा शुरू होने से कोल्हान में रहने वाले राजस्थान मूल के लोगों और खाटू श्याम के श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल रहा।

इस अवसर पर टाटानगर से खाटू श्याम के दर्शन के लिए 51 श्रद्धालुओं को निःशुल्क तीर्थ यात्रा पर भेजा गया। यात्रा की व्यवस्था रेलवे की ओर से की गई। खाटू धाम पहुंचने पर सभी श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था श्याम भक्त मंडल की ओर से संचालित श्याम कोठी में की गई है।
सांसद, विधायक और डीआरएम के प्रति जताया आभार
मंडल के संयोजक पवन अग्रवाल ने नई रेल सेवा शुरू होने पर सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू और डीआरएम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इनके प्रयासों से कोल्हान में रहने वाले लाखों राजस्थानवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। कई दशकों बाद जमशेदपुर से जयपुर के लिए सीधी रेल सेवा का लाभ मिलने से लोगों को राहत मिलेगी।
रींगस स्टेशन को रेल मार्ग में शामिल करने की मांग
नई ट्रेन के शुभारंभ पर खुशी जताने के साथ ही पवन अग्रवाल ने इसके मार्ग में संशोधन की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि ट्रेन को रींगस स्टेशन से होकर चलाया जाना चाहिए, ताकि खाटू श्याम के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन रात करीब 11 बजे जयपुर पहुंचती है। इसके बाद श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को खाटू श्याम धाम पहुंचने के लिए लगभग 80 किलोमीटर की अतिरिक्त यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे में यात्रा की सुविधा और श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रींगस स्टेशन को मार्ग में शामिल करना जरूरी है।
पवन अग्रवाल के अनुसार, फिलहाल ट्रेन से जयपुर पहुंचने में करीब 32 घंटे लगेंगे। यदि ट्रेन का मार्ग रींगस होकर निर्धारित किया जाता है, तो खाटू श्याम के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को अधिक सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि रींगस स्टेशन को शामिल करने से ही इस रेल सेवा का लाभ बाबा श्याम के भक्तों को सही अर्थों में मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि नई रेल सेवा की शुरुआत समाज के लिए खुशी का अवसर है। अब जरूरत इस बात की है कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल मार्ग में आवश्यक बदलाव किया जाए।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
टाटानगर स्टेशन पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में मालीराम अग्रवाल, बजरंग केवलका, अरुण अग्रवाल, रिंकी अग्रवाल, उषा गुप्ता, संजय शर्मा, विकास अग्रवाल, मित्रो प्रधान, संतोष सेठ, बसंत अग्रवाल और हैप्पी अग्रवाल समेत श्याम भक्त मंडल के बड़ी संख्या में सदस्य एवं बाबा श्याम के श्रद्धालु उपस्थित थे।


































