कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ की बैठक, गंदगी फैलाने वालों पर लगेगा जुर्माना
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में दिवाली और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जुगसलाई नगर परिषद ने साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी तेज कर दी है। त्योहारों के दौरान नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और क्षेत्र में स्वच्छ एवं व्यवस्थित माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से नगर परिषद प्रशासन विशेष अभियान चलाएगा।
इसको लेकर जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय में कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान की अध्यक्षता में अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों और अन्य कर्मियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान सफाई व्यवस्था, कचरा उठाव, नालियों की सफाई और यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बाजारों और गली-मोहल्लों की सफाई पर विशेष जोर
कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सक्रिय रहकर जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर परिषद के अधिकारी निर्धारित क्षेत्रों में मौजूद रहकर सफाई कार्यों की निगरानी करेंगे।
उन्होंने प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों, मुख्य सड़कों, गली-मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और कचरे को देखते हुए कचरे का समय पर उठाव, नालियों की सफाई और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
गंदगी फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
नगर परिषद प्रशासन ने आम नागरिकों से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की है। कार्यपालक पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। त्योहारों के दौरान शहर को स्वच्छ रखने के लिए नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
दिवाली में बाजारों और छठ में घाटों पर रहेगी नजर
बैठक में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी चर्चा की गई। दिवाली के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए बढ़ने वाली भीड़ और छठ पूजा के दौरान घाटों की ओर श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त सड़कों पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने पर जोर दिया गया।
छठ पूजा को लेकर घाटों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं : संदीप पासवान
कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान ने सभी कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद का प्रयास है कि दिवाली और छठ पूजा के अवसर पर जुगसलाई क्षेत्र में बेहतर स्वच्छता, सुचारू यातायात और नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था बनी रहे, ताकि लोग त्योहारों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित माहौल में मना सकें।


































