सोनारी से साकची तक निकलने वाले नगर कीर्तन की तैयारियों को लेकर सीजीपीसी कार्यालय में सेंट्रल सिख नौजवान सभा की बैठक
शहर की विभिन्न इकाइयों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां; आतिशबाजी और सिंगल यूज प्लास्टिक से परहेज करने का भी आह्वान
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर 24 नवंबर को सोनारी गुरुद्वारा साहिब से साकची गुरुद्वारा साहिब तक निकलने वाले विशाल नगर कीर्तन की तैयारियों को लेकर सेंट्रल सिख नौजवान सभा की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को साकची स्थित सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में नगर कीर्तन को अनुशासित, व्यवस्थित और भव्य बनाने के साथ-साथ संगत की सेवा, यातायात नियंत्रण और स्वच्छता व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।

सभा के प्रधान अमरीक सिंह की अनुपस्थिति में बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन दमनप्रीत सिंह ने की। बैठक की शुरुआत महासचिव रंजीत सिंह ने गुरु महाराज के चरणों में अरदास के साथ की। इसके बाद महासचिव सुखवंत सिंह सुक्खू ने पिछली बैठक की कार्यवाही प्रस्तुत की और नगर कीर्तन के दौरान विभिन्न नौजवान सभा इकाइयों को सौंपी जाने वाली सेवाओं की जानकारी दी।
विभिन्न इकाइयों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
नगर कीर्तन की व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों की नौजवान सभाओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इनमें फ्रंट ट्रैफिक कंट्रोल की सेवा टुइलाडुंगरी, पालकी साहिब के पीछे रस्से की सेवा गौरीशंकर रोड एवं सीतारामडेरा, झंडे की सेवा बारीडीह एवं सीतारामडेरा तथा पालकी साहिब की सेवा मानगो को दी गई।
इसी तरह फ्रंट से पालकी साहिब तक बायीं ओर की सेवा बिरसानगर, कीताडीह और संत कुटिया को, जबकि दायीं ओर की सेवा बर्मामाइंस, मनीफीट और टेल्को को सौंपी गई। पालकी साहिब से नगर कीर्तन के अंतिम हिस्से तक बायीं ओर की जिम्मेदारी सरजामदा, जेमको और गोलपहाड़ी तथा दायीं ओर की जिम्मेदारी साकची, सुंदरनगर और गम्हरिया की इकाइयों को दी गई।
सात सदस्य संभालेंगे नगर कीर्तन का नियंत्रण
नगर कीर्तन के संचालन और नियंत्रण के लिए अमरीक सिंह, दमनप्रीत सिंह, त्रिलोचन सिंह, इंदरजीत सिंह इंदर, सतविंदर सिंह, सिमरन भाटिया और सुखवंत सिंह को कंट्रोलर की जिम्मेदारी दी गई। वहीं नगर कीर्तन की व्यवस्था और कतारबद्ध संचालन से जुड़ी सेवा हरविंदर सिंह, रंजीत सिंह, हरमीत सिंह, गुरनाम सिंह, अमनजोत सिंह, गुरबचन सिंह राजू और मनिंदर सिंह संभालेंगे।
गुरु महाराज की तस्वीर वाले बैनर नहीं लगाने की अपील
बैठक की अध्यक्षता कर रहे दमनप्रीत सिंह ने कहा कि सोनारी से साकची तक निकलने वाले विशाल नगर कीर्तन को अनुशासित और भव्य बनाने में सेंट्रल सिख नौजवान सभा के सदस्य अग्रणी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों से विशेष अपील की कि नगर कीर्तन के दौरान गुरु महाराज की तस्वीर वाले बैनर न लगाए जाएं। गुरु साहिब के प्रति सम्मान और मर्यादा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
महासचिव रंजीत सिंह ने कहा कि नगर कीर्तन के दौरान आम नागरिकों और राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभा के सदस्य पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर यातायात व्यवस्था संभालने में सहयोग करेंगे।
आतिशबाजी और प्लास्टिक से परहेज, चलेगा स्वच्छता दल
महासचिव सुखवंत सिंह सुक्खू ने स्वागत स्टॉल लगाने वाले आयोजकों और संगत से अपील की कि नगर कीर्तन के दौरान आतिशबाजी और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। लंगर एवं जलपान वितरण के बाद सड़क पर गंदगी न फैले, इसके लिए सिख संगत का स्वच्छता दल भी नगर कीर्तन के साथ चलेगा और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने में योगदान देगा।
नगर कीर्तन के कंट्रोलर एवं सभा के सक्रिय सदस्य इंदरजीत सिंह इंदर ने बताया कि पैदल चलने वाली संगत की सुविधा के लिए सभा के सदस्यों की गाड़ियों में शीतल जल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा एंबुलेंस और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था में भी सभा अपनी ओर से पूर्ण सहयोग देगी।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में चेयरमैन दमनप्रीत सिंह, महासचिव रंजीत सिंह, सुखवंत सिंह, सिमरन भाटिया, जगप्रीत सिंह जे.डी., अमनजोत सिंह, गुरबचन सिंह राजू, जगजीत सिंह जग्गी, सतविंदर सिंह, हरमनदीप सिंह, लवप्रीत सिंह, जुझार सिंह, मनिंदर सिंह, हरजीत सिंह समेत सभा के कई सदस्य उपस्थित थे। अंत में कदमा नौजवान सभा के जगजीत सिंह ने सभी के प्रति आभार जताया।



































