सुबह 7 बजे गोलमुरी चौक से श्याम मंदिर तक यात्रा, रात में ज्योत प्रज्वलन के साथ सजेगी भजन संध्या
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर गोलमुरी बाजार स्थित श्री श्री शिव मंदिर समिति की ओर से 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सुबह से लेकर रात तक धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
जन्मोत्सव के तहत सुबह 7 बजे गोलमुरी चौक से श्री श्याम मंदिर तक भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में श्याम भक्तों के शामिल होने की संभावना है। निशान यात्रा के माध्यम से श्रद्धालु बाबा श्याम के प्रति अपनी आस्था प्रकट करेंगे।
वहीं, रात 8:30 बजे मंदिर परिसर में बाबा की पावन ज्योत प्रज्वलित की जाएगी। इसके बाद भजन संध्या एवं जन्मोत्सव समारोह का आयोजन होगा। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक रौनक लच्छीरामका अपने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। भजनों के बीच पूरा मंदिर परिसर बाबा श्याम के जयकारों से भक्तिमय होगा।
श्री श्री शिव मंदिर समिति ने समस्त श्याम प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम के सौजन्यकर्ता श्री सत्यनारायण अग्रवाल हैं। आयोजन श्री श्री शिव मंदिर समिति, गोलमुरी बाजार, जमशेदपुर की ओर से किया जा रहा है।



































