अमेरिकी कंपनी यूटीलिटी ग्लोबल के साथ करेगी तकनीकी अध्ययन, भारत में अपनी तरह की पहली परियोजना
कम कार्बन उत्सर्जन वाले स्टील उत्पादन की दिशा में बड़ा कदम
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
स्टील निर्माण के दौरान निकलने वाली गैसों का इस्तेमाल अब हाइड्रोजन उत्पादन के लिए करने की तैयारी है। टाटा स्टील ओडिशा के कलिंगानगर स्थित अपने प्लांट में प्रतिदिन 10 टन उच्च शुद्धता वाला हाइड्रोजन तैयार करने की परियोजना पर काम कर रही है। इसके लिए कंपनी अमेरिका के ह्यूस्टन स्थित यूटीलिटी ग्लोबल के साथ मिलकर तकनीकी अध्ययन करेगी। प्रस्तावित परियोजना को भारत में अपनी तरह की पहली पहल बताया गया है।
इस परियोजना के लिए टाटा स्टील और यूटीलिटी ग्लोबल फ्रंट-एंड इंजीनियरिंग एंड डिजाइन (FEED) अध्ययन करेंगे। इस अध्ययन के जरिए परियोजना की तकनीकी और परिचालन संभावनाओं का आकलन किया जाएगा, ताकि टाटा स्टील का बोर्ड अंतिम निवेश निर्णय (FID) ले सके। परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद कलिंगानगर में संयंत्र की स्थापना और परिचालन शुरू किया जाएगा।
H2Gen तकनीक से तैयार होगा उच्च शुद्धता वाला हाइड्रोजन
प्रस्तावित संयंत्र में यूटीलिटी ग्लोबल की पेटेंटेड H2Gen® तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इस तकनीक के तहत स्टील निर्माण प्रक्रिया के दौरान निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड (CO) से भरपूर गैसों का उपयोग कर इलेक्ट्रोकेमिकल प्रक्रिया के माध्यम से उच्च शुद्धता वाला हाइड्रोजन तैयार किया जाएगा। इसकी प्रस्तावित उत्पादन क्षमता प्रतिदिन 10 टन होगी।
यूटीलिटी ग्लोबल इस तकनीक का कनाडा में एक स्टील उत्पादक के ब्लास्ट फर्नेस प्लांट में वास्तविक ब्लास्ट फर्नेस गैस का उपयोग करके सफल प्रदर्शन भी कर चुकी है। अब इसी तकनीक की संभावनाओं को टाटा स्टील के कलिंगानगर प्लांट में परखा जाएगा।
मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर से उत्सर्जन कम करने पर जोर
टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (टेक्नोलॉजी, R&D, न्यू मैटेरियल्स बिजनेस एंड ग्राफीन) सुबोध पांडेय ने कहा कि स्टील उद्योग में कार्बन उत्सर्जन कम करने वाली तकनीकों की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि वे चालू स्टील प्लांट की व्यापकता और जटिलताओं के अनुरूप कितनी प्रभावी ढंग से काम कर सकती हैं। H2Gen जैसी तकनीकें मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर का उपयोग करते हुए उत्सर्जन कम करने के नए अवसर प्रदान करती हैं। यूटीलिटी ग्लोबल के साथ यह सहयोग टाटा स्टील के परिचालन में कार्बन उत्सर्जन को और कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
2045 तक नेट जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य
यह परियोजना टाटा स्टील की कम कार्बन उत्सर्जन वाले स्टील उत्पादन की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। कंपनी ने वर्ष 2045 तक नेट जीरो उत्सर्जन हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी दिशा में कंपनी अपने ब्लास्ट फर्नेस में कोल बेड मीथेन, हाइड्रोजन और बायोचार के इंजेक्शन का सफल परीक्षण कर चुकी है।
इसके अलावा, टाटा स्टील ने वर्ष 2021 में जमशेदपुर में ब्लास्ट फर्नेस गैस से कार्बन डाइऑक्साइड कैप्चर करने वाला भारत का पहला प्लांट शुरू किया था। इसी वर्ष सितंबर में कंपनी ने ओडिशा के मेरामंडली प्लांट में कोक ओवन गैस इंजेक्शन परियोजना भी शुरू की, जिसे भारतीय स्टील उद्योग में अपनी तरह की पहली पहल बताया गया है।
कलिंगानगर की प्रस्तावित हाइड्रोजन परियोजना इस दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इसके जरिए स्टील निर्माण के दौरान निकलने वाली गैसों का बेहतर उपयोग करने के साथ औद्योगिक प्रक्रियाओं में स्वच्छ ऊर्जा के विकल्पों को बढ़ावा देने की संभावनाएं तलाश की जाएंगी।



































