फतेह लाइव, रिपोर्टर।
पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से उनके आवासीय कार्यालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका सम्मान किया और उनके कुशलक्षेम की जानकारी ली। पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे सरयू राय के जमशेदपुर लौटने पर प्रतिनिधिमंडल ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुलाकात के दौरान जुगसलाई क्षेत्र से पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन, जुगसलाई शाखा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय कसेरा ने विधायक सरयू राय से आशीर्वाद प्राप्त किया। विधायक ने उनका अभिनंदन करते हुए नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
बैठक में टाटानगर से जयपुर तक सीधी रेल सेवा बहाल करने को लेकर मारवाड़ी समाज एवं सम्मेलन द्वारा किए गए आंदोलन पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सम्मेलन के प्रयासों और आंदोलन के बाद जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने टाटानगर-जयपुर सीधी रेल सेवा बहाल होने की घोषणा की थी।
इसी क्रम में विधायक सरयू राय ने सांसद विद्युत वरण महतो से दूरभाष पर बातचीत की। सांसद ने जानकारी दी कि टाटानगर से जयपुर तक सीधी रेल सेवा एक महीने के भीतर शुरू होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि संबंधित बोगी बनकर चक्रधरपुर में खड़ी है, लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से सेवा शुरू होने में विलंब हो रहा है।
सांसद की इस जानकारी पर प्रतिनिधिमंडल ने प्रसन्नता जताते हुए इसे जमशेदपुर और पूरे मारवाड़ी समाज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
प्रतिनिधिमंडल में जिला महासचिव प्रदीप मिश्रा, संयुक्त महासचिव आकाश शाह, अंकुश जैनपुरिया, कोषाध्यक्ष विजय गोयल, सुशील रम रायका, लाला सिंघा, विमल अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।









































