रात में घर का दरवाजा खटखटाकर घुसे हमलावर, पति-पत्नी की मौके पर मौत; गंभीर हालत में बेटे का इलाज, पुरानी रंजिश का शक
फतेह लाइव, रिपाेर्टर।
झारखंड के बोकारो जिले में गुरुवार की रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। चंद्रपुरा थाना क्षेत्र की डीवीसी रेसिडेंशियल कॉलोनी के पश्चिम पल्ली में बदमाशों ने घर का दरवाजा खटखटाकर बुजुर्ग दंपति को गोलियों से छलनी कर दिया। गोली लगने से नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी रेणु सिन्हा की मौके पर ही मौत हो गई। हमलावरों ने उनके बेटे रोहित सिन्हा को भी निशाना बनाया, जिसे तीन गोलियां लगी हैं।
दरवाजा खुलते ही पति-पत्नी पर फायरिंग
पुलिस के मुताबिक घटना गुरुवार रात करीब साढ़े सात बजे की है। बताया गया कि हमलावर नरेश सिन्हा के घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही दरवाजा खुला, बदमाशों ने नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी रेणु सिन्हा पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में दोनों की मौत हो गई।
इसके बाद हमलावरों ने उनके बेटे रोहित सिन्हा पर भी गोली चला दी। रोहित को तीन गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल रोहित को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका ऑपरेशन किया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
गरजते बादलों के बीच चली गोलियां, पड़ोसियों को नहीं लगी भनक
चंद्रपुरा थाना प्रभारी विक्रम कुमार बादल के अनुसार, घटना के वक्त इलाके में तेज बादल गरज रहे थे और बिजली चमक रही थी। इसी वजह से गोली चलने की आवाज आसपास के लोगों तक स्पष्ट रूप से नहीं पहुंच सकी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस को आशंका है कि वारदात में दो से तीन बदमाश शामिल थे।
पुरानी रंजिश में हत्या का शक
बेरमो के एसडीपीओ रवींद्र कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस परिवार के रिश्तेदारों की भूमिका समेत अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक परिवार मूल रूप से बिहार के गया जिले का रहने वाला है।
फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने शुरू की जांच
डबल मर्डर के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम और खोजी कुत्ते की मदद ली जा रही है। पुलिस शवों का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुटी है।
वहीं, हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की पूरी वजह और वारदात में शामिल लोगों का पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।




































