रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट का दो दिवसीय आयोजन संस्कृति, सभ्यता और नारी शक्ति को समर्पित
सुरक्षा के लिए 50 से अधिक महिला-पुरुष बाउंसर रहेंगे तैनात
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर शहर में डांडिया और गरबा का रंगारंग उत्सव सजने जा रहा है। साकची स्थित बोधी मैदान में 17 और 18 अक्टूबर को रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट की ओर से दो दिवसीय भव्य डांडिया एवं गरबा उत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन भारतीय संस्कृति, सभ्यता और नारी शक्ति के सम्मान को समर्पित होगा। उत्सव के दूसरे दिन, 18 अक्टूबर को सुप्रसिद्ध सेलिब्रिटी आर्टिस्ट और अभिनेत्री आस्था सिंह विशेष आकर्षण होंगी।
रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट की संस्थापक आशा सिंह ने बताया कि उत्सव को शालीन और अनुशासित वातावरण में आयोजित करने की तैयारी की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल पर सीसीटीवी कैमरों के साथ 50 से अधिक महिला और पुरुष बाउंसर तैनात रहेंगे। प्रवेश के लिए पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। आयोजन में शामिल होने वाले प्रत्येक आगंतुक का स्वागत चंदन या कुमकुम का तिलक लगाकर किया जाएगा।
मां दुर्गा की महाआरती से होगी शुरुआत
आयोजन की शुरुआत मां दुर्गा की भव्य महाआरती और वंदना के साथ होगी। आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य उत्सव को भारतीय सनातन परंपरा, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ना है। पहले दिन नियोन डांडिया विशेष आकर्षण रहेगा, जबकि दूसरे दिन आस्था सिंह की मौजूदगी कार्यक्रम में चार चांद लगाएगी।
समाज में योगदान देने वाली महिलाओं का होगा सम्मान
उत्सव के दौरान जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में सामाजिक कार्यों के जरिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को मंच पर सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली महिलाओं के कार्यों को पहचान देना और नारी शक्ति को प्रोत्साहित करना है।
डांडिया प्रतियोगिताएं और फूड स्टॉल भी होंगे आकर्षण
दोनों दिनों में पारंपरिक गुजराती लोकगीतों और गरबा गीतों की धुन पर प्रतिभागी डांडिया का आनंद लेंगे। कार्यक्रम में बेस्ट डांडिया डांसर, बेस्ट ट्रेडिशनल ड्रेस (महिला एवं पुरुष), बेस्ट कपल और लकी ड्रॉ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा, मैदान में लजीज व्यंजनों और पारंपरिक हस्तशिल्प से जुड़े स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
पास से मिलेगा प्रवेश
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में प्रवेश केवल पास के माध्यम से होगा। इच्छुक लोग पास प्राप्त करने के लिए आयोजकों से संपर्क कर सकते हैं।
प्रेस वार्ता में रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट की संस्थापक आशा सिंह के अलावा पूनम वर्मा, रंजना शर्मा, मुस्कान गोराई, नेहा मिश्रा, रश्मि राज, रम्यता प्रफुल्ल और सुबोध गोराई सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


































