जिले के सभी प्रखंडों में मेगा लीगल एंपावरमेंट कैंप, जमशेदपुर प्रखंड में 151 लाभार्थियों को 87.63 लाख की परिसंपत्ति
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकार (NALSA) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकार (JHALSA) के निर्देश पर रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी प्रखंडों में मेगा लीगल एंपावरमेंट कैंप का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) जमशेदपुर के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित कैंप में 6332 लाभार्थियों के बीच करीब 21.05 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी प्रखंडों में न्यायिक पदाधिकारियों के अलावा लीगल एड डिफेंस काउंसिल एवं अधिकार मित्रों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। कैंप में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
जमशेदपुर प्रखंड में 151 लाभार्थियों को मिला लाभ
जमशेदपुर प्रखंड में आयोजित कार्यक्रम में परिवार न्यायालय के अपर न्यायाधीश धीरज कुमार एवं DLSA के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 151 लाभार्थियों के बीच 87 लाख 63 हजार रुपये की परिसंपत्ति का वितरण किया गया।
इसमें स्वास्थ्य, समाज कल्याण, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, ग्रामीण आवास योजना, मनरेगा, राजस्व, आपूर्ति विभाग और जेएसएलपीएस से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का लाभ शामिल था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर न्यायाधीश धीरज कुमार ने कहा कि अधिकार प्राप्त करने के लिए अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज में आपसी सामंजस्य की कमी के कारण कटुता बढ़ रही है, जो सामाजिक बिखराव का बड़ा कारण है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार से सहयोग लेने की अपील की।
DLSA सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, बाल विवाह और नशे के दुष्प्रभाव समेत विभिन्न कानूनी एवं सामाजिक मुद्दों की जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
पारंपरिक तरीके से हुआ अतिथियों का स्वागत
मेगा लीगल एंपावरमेंट कैंप में पहुंचे न्यायिक एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों का पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत किया गया। प्रखंड मुख्यालय के प्रवेश द्वार पर पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने चंदन का टीका लगाया, फूलों की माला पहनाई और पुष्पवर्षा कर अतिथियों का स्वागत किया।









































