फतेह लाइव, रिपोर्टर।
बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रेलवे हाई स्कूल के पास गोलगप्पा बेचकर घर लौट रहे युवक पर चाकू से हमला कर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक निरुद्ध बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू और लूट की रकम में से 1,200 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त की रात करीब 10 बजे गाड़ाबासा निवासी आकाश कुमार गोलगप्पा बेचकर ठेला लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रेलवे हाई स्कूल के पास तीन अपराधियों ने उसका ठेला रोक लिया और उससे पैसे की मांग की। आकाश ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद उसकी जेब से 1,700 रुपये लूटकर तीनों मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (नगर) को घटना से अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में तत्काल छापेमारी अभियान शुरू किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वायरलेस मैदान के पास से दो आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों में बागबेड़ा गांधी नगर निवासी राहुल पात्रो उर्फ कल्लू और एक निरुद्ध बालक शामिल है। पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस के समक्ष घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू बरामद किया। साथ ही लूट की रकम में से 1,200 रुपये भी बरामद किए गए।
पुलिस ने इस संबंध में बागबेड़ा थाना कांड संख्या 78/26 दर्ज किया है। मामले में फरार तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी अभियान में सह थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर, जनार्दन सिंह, संतोष कुमार, पवन कुमार सिंह, ठाकुर सच्चिदानंद सिंह, धर्मनाथ सेन समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना के बाद क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के बीच भी हड़कंप मचा है।









































