सिर कटी लाश मिलने के बाद खुला राज; पुलिस के मुताबिक शादीशुदा प्रेमी ने महिला की हत्या के बाद उसकी दो साल की बेटी को भी मार डाला
आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ बच्ची का शव और महिला का कटा सिर
फतेह लाइव, रिपाेर्टर।
बिहार के पूर्णिया में महिला की सिर कटी लाश मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या के साथ उसकी दो साल की बेटी की भी हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने मृतका के कथित प्रेमी मो. मोफिल को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है।
मामले का खुलासा होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के अनुसार, महिला आरोपी से शादी करने का दबाव बना रही थी, जबकि आरोपी पहले से शादीशुदा था और दूसरी शादी नहीं करना चाहता था। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के बाद उसने महिला की हत्या कर दी।
झाड़ी में मिली थी महिला की सिर कटी लाश
बुधवार को कामाख्या स्थान ओपी क्षेत्र के कल्याणपुर में झाड़ी के बीच एक महिला की सिर कटी लाश मिलने से हड़कंप मच गया था। जांच के दौरान मृतका की पहचान जानकीनगर निवासी महिला के रूप में हुई। घटना के बाद से ही एक युवक के साथ उसके संबंधों की चर्चा सामने आ रही थी। युवक उसी इलाके का रहने वाला था और घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने छापेमारी कर मो. मोफिल को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान मामले की परतें खुलती चली गईं।
पुलिस के मुताबिक, पहले महिला और फिर बच्ची की हत्या
सदर वन एसडीपीओ अभिनव पराशर के अनुसार, घटना वाले दिन केवल महिला की हत्या नहीं हुई थी। उसकी दो साल की बेटी को भी मौत के घाट उतार दिया गया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने महिला पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या की और बाद में उसकी छोटी बेटी की भी हत्या कर दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने महिला का कटा हुआ सिर और बच्ची का सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद किया है। पुलिस ने मृतका की बड़ी बेटी को भी बरामद कर लिया है।
आधार कार्ड बनाने के दौरान हुई थी दोनों की पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतका का पति पंजाब में मजदूरी करता है और कभी-कभी ही घर आता था। महिला अपने मायके में रह रही थी। इसी दौरान आधार कार्ड बनाने का काम करने वाले मो. मोफिल से उसकी पहचान हुई और दोनों के बीच कथित रूप से संबंध बन गए। पुलिस का कहना है कि बाद में महिला आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाने लगी। आरोपी पहले से शादीशुदा था और महिला से शादी करने को तैयार नहीं था। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के चलते उसने महिला की हत्या कर दी।
ससुर ने दर्ज कराया मामला, आरोपी जेल भेजा गया
मामले में मृतका के ससुर की शिकायत पर मरंगा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया है। अब पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस के इस खुलासे के बाद यह साफ हुआ कि झाड़ी में मिली सिर कटी लाश के पीछे की कहानी महज एक हत्या तक सीमित नहीं थी, बल्कि इस वारदात में एक मासूम बच्ची की जान भी चली गई।




































