लोकसभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला सम्मान, बोले- पुरस्कार जमशेदपुर लोकसभा की जनता को समर्पित
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो को लोकसभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एक बार फिर संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर के भीम सभागार में आयोजित समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। सांसद महतो को यह पुरस्कार लगातार पांचवीं बार मिला है।

समारोह में सम्मानित अतिथि के रूप में केंद्रीय शिक्षा एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री सुकांत मजूमदार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष हंसराज अहीर ने की।
लोकसभा प्रदर्शन के आधार पर हुआ चयन
प्राइम प्वाइंट फाउंडेशन के तत्वावधान में सांसद रत्न अवार्ड कमेटी ने वर्ष 2026 के संसद रत्न पुरस्कार के लिए 10 लोकसभा सदस्यों, दो राज्यसभा सदस्यों और चार संसदीय समितियों का चयन किया। यह चयन बजट सत्र के अंत तक सांसदों द्वारा लोकसभा में किए गए प्रदर्शन के आधार पर किया गया।

सम्मान पाने वाले अन्य सांसदों में जगदंबिका पाल, पी.पी. चौधरी, निशिकांत दुबे, डॉ. एकनाथ शिंदे, प्रवीण पटेल, लुंबा राम चौधरी, हेमंत विष्णु सवरा, स्मिता उदय वाघ, नरेश गणपत म्हास्के, मेधा विश्राम कुलकर्णी और नरहरि अमीन शामिल हैं।
वहीं चार संसदीय समितियों में कृषि संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष डॉ. चरणजीत सिंह चन्नी, वित्त संबंधी समिति के अध्यक्ष भर्तृहरि महताब, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज समिति के अध्यक्ष सप्तगिरि शंकर उलाका तथा कोयला एवं खान संसदीय समिति के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर शामिल हैं।
पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के सुझाव पर हुई थी शुरुआत
संसद रत्न पुरस्कार समिति का गठन पूर्व राष्ट्रपति एवं भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के सुझाव पर किया गया था। सांसदों की कार्यक्षमता और सदन में उनके प्रदर्शन के आधार पर यह सम्मान प्रदान किया जाता है।
लगातार पांचवीं बार संसद रत्न पुरस्कार मिलने पर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि यह सम्मान जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र की एक-एक जनता को समर्पित है।
उन्होंने कहा कि वे किसी पुरस्कार या सम्मान की अपेक्षा से काम नहीं करते, बल्कि क्षेत्र से जुड़े हर छोटे-बड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को सदन में उठाने का प्रयास करते हैं। प्रश्नों और अन्य संसदीय माध्यमों के जरिए सरकार का ध्यान जनसमस्याओं की ओर आकृष्ट कराते हैं, ताकि उन पर उचित पहल हो सके।
सांसद महतो ने कहा कि वे लोकसभा में अपने संसदीय क्षेत्र के साथ-साथ प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण विषयों को भी यथासंभव उठाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य जन-जन की सेवा करना है। जनता ने जिस आशा और विश्वास के साथ उन्हें संसद में भेजा है, उनकी आवाज सदन तक पहुंचाना ही उनका प्रमुख लक्ष्य है।



































