फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर शहर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सह समाजसेवी महेंद्र कुमार पांडेय ने चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
महेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि शहर में नो-इंट्री के बावजूद बड़े वाहनों की बेरोक-टोक आवाजाही गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े वाहनों के अनियंत्रित परिचालन के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। एग्रिको में हाल में हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना इसका जीता-जागता उदाहरण है, जिसमें पिता-पुत्र की मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि नो-इंट्री व्यवस्था का सख्ती से पालन नहीं होना कहीं न कहीं यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। ऐसे में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग को नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
महेंद्र पांडेय ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर केवल बैठकें करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों को धरातल पर लागू करना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से नियमित जांच अभियान चलाने, नो-इंट्री का सख्ती से पालन कराने और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके।




































