रात के अंधेरे में दूर से दिखेंगे खराब वाहन, सड़क सुरक्षा और दुर्घटना रोकने के लिए यातायात पुलिस ने चलाया विशेष अभियान
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
मुख्य सड़कों पर ब्रेकडाउन होने के बाद खड़े भारी वाहनों से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सरायकेला-खरसावां यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात थाना प्रभारी राजू के नेतृत्व में शुक्रवार को मुख्य सड़क पर खड़े खराब ट्रक और भारी वाहनों की जांच की गई।
अभियान के दौरान पाया गया कि कई ट्रक एवं भारी वाहन खराब होने के कारण मुख्य सड़क पर खड़े हैं। खासकर रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश और संकेतक की व्यवस्था नहीं होने से पीछे अथवा सामने से आने वाले वाहन चालकों को सड़क पर खड़े खराब वाहनों का समय रहते पता नहीं चल पाता है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
आगे-पीछे और दोनों किनारों पर लगाया गया रिफ्लेक्टिव टेप
सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिन ब्रेकडाउन वाहनों को तत्काल सड़क से हटाना संभव नहीं था, उन वाहनों के आगे, पीछे और दोनों तरफ रेडियम एवं रिफ्लेक्टिव टेप लगाया गया। इसका उद्देश्य दूर से आने वाले वाहन चालकों को खराब वाहन की स्थिति स्पष्ट रूप से दिखाई देना है, ताकि वे समय रहते सावधानी बरत सकें और दुर्घटना से बचा जा सके।
वाहन चालकों से यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहन खराब होने की स्थिति में उसे यथासंभव मुख्य सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें। साथ ही हैजार्ड लाइट, पार्किंग लाइट और रिफ्लेक्टिव संकेतकों का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें।
यातायात थाना प्रभारी राजू के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान को सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।









































