फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में शनिवार दोपहर आई तेज आंधी और बारिश ने शहर में अचानक हालात बिगाड़ दिए। शहर के अलग-अलग हिस्सों में पेड़ गिरने की घटनाओं ने जन-जीवन को प्रभावित किया और कई जगह अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
साकची स्थित गुरुद्वारा मैदान में उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब तेज हवा के बीच एक विशाल पेड़ अचानक धराशायी हो गया। उस वक्त मैदान में एक कार्यक्रम के लिए टेंट लगाने का काम चल रहा था और आधा दर्जन मजदूर मौके पर मौजूद थे। पेड़ गिरने से दो मजदूर उसकी चपेट में आकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
दूसरी ओर, आमबगान इलाके में भी आंधी का असर देखने को मिला। यहां सड़क किनारे खड़ी तीन कारों पर एक पेड़ गिर गया। हालांकि दो वाहनों को मामूली नुकसान हुआ, लेकिन एक कार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के समय वाहनों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
पेड़ गिरने के कारण संबंधित सड़क पर कुछ समय के लिए चारपहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और स्थानीय टीम मौके पर पहुंची और पेड़ हटाकर यातायात बहाल करने का काम शुरू किया।



