फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित एग्रिको क्वार्टर नंबर एल-5/13 में सोमवार को हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर मामले में आरोपी रवींद्र सिंह ने पुलिस पूछताछ में हत्या के पीछे पारिवारिक चिंता और मानसिक अवसाद को वजह बताया है। इस घटना के बाद पूरे शहर में यह चर्चा है कि आखिर एक पिता ने अपने ही परिवार को मौत के घाट क्यों उतार दिया।
रायपुर से पहुंचे बड़े बेटे को देख भावुक हो गया हाजत में बैठा पिता
मंगलवार सुबह आरोपी का बड़ा बेटा अभिषेक रायपुर से जमशेदपुर पहुंचा और सिदगोड़ा थाना में हिरासत में रखे गए अपने पिता से मुलाकात की। बेटे को देखते ही रवींद्र भावुक होकर रो पड़े। उन्होंने अपनी गलती पर पछतावा जताते हुए बेटे से वहां से चले जाने को कहा। पूछताछ के दौरान रवींद्र ने बताया कि सेवानिवृत्ति के बाद वे लगातार भविष्य की चिंता में डूबे हुए थे। उन्हें डर सता रहा था कि यदि उनकी अचानक मौत हो गई तो परिवार का क्या होगा, घर कैसे चलेगा और बेटों की शादी कैसे होगी।
पहले रसोई में खाना बनाती हुई पत्नी को मारा, फिर…
आर्थिक और पारिवारिक दबाव के कारण वे धीरे-धीरे अवसाद में चले गए थे। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब पांच बजे रवींद्र नींद से उठे। उस समय उनकी पत्नी सरिता सिंह रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान उन्होंने पहले पत्नी पर हमला किया। इसके बाद बेटी सुप्रिया सिंह और बेटे रविषेक कुमार की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने आत्महत्या का भी प्रयास किया, लेकिन वह बच गया।
मानसिक तनाव में था आरोपी पिता, जेल जायेगा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी मानसिक तनाव में था, हालांकि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। फिलहाल सिदगोड़ा पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है।



