फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में एक बार फिर चेन छिनतई की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले दो दिनों में कदमा और साकची थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दो महिलाओं को निशाना बनाते हुए उनके गले से सोने की चेन झपट ली। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है।
पहली घटना सोमवार सुबह कदमा थाना क्षेत्र के उलियान स्थित सैकलिन मधुसूदन अपार्टमेंट के पास हुई। यहां मॉर्निंग वॉक से लौट रही संतना दत्ता से बाइक सवार दो बदमाशों ने चेन छीन ली। मामले में संतना के पति उत्पल दत्ता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी रोज की तरह सुबह टहलने निकली थीं। करीब 6:44 बजे जब वह सोसायटी गेट के पास पहुंचीं, तभी विपरीत दिशा से आए बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और तेजी से फरार हो गए। दोनों बदमाश हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।
दूसरी घटना मंगलवार शाम साकची के आमबगान स्थित ओम प्लाजा के पास हुई। मानगो निवासी पूनम ओझा बाजार से लौटकर ऑटो स्टैंड की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने पहले उन्हें ओवरटेक किया और फिर बाइक घुमाकर वापस आए। मौका मिलते ही बदमाशों ने पूनम ओझा के गले से सोने की चेन झपट ली और जेल चौक की ओर भाग निकले।
पूनम के बेटे आकाश ओझा ने बताया कि छीनी गई चेन की कीमत करीब ढाई से तीन लाख रुपये है। घटना की सूचना मिलते ही साकची पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।



