Jamshedpur Police : प्रेमी ही निकला किरण देवी का हत्यारा, छह दिन में परसुडीह पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी

SHARE:

सीडीआर, सीसीटीवी और तकनीकी जांच के सहारे आरोपी तक पहुंची पुलिस, खुलासा आज

फ़तेह लाइव, रिपोर्टर.

जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित कलियाडीह गौशाला के पीछे कैनाल से 26 जुलाई को बरामद किरण देवी के शव मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत कैनाल में डूबने से नहीं, बल्कि गला दबाकर की गई हत्या थी। मामले में मृतका के प्रेमी एवं पोटका थाना क्षेत्र के हाता निवासी दशमत बास्के को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा रविवार को किए जाने की संभावना है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी तीन बच्चों का पिता है और वर्ष 2018 से किरण देवी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि किरण देवी लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थीं। शादी से इनकार के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया। इसी के बाद उसने कथित तौर पर पहले से हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

Gambhir Car Associate Motion Ads Motion Ads

जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन आरोपी ने अपने एक परिचित के माध्यम से किरण देवी को कैनाल के पास बुलाया। इसके बाद नहाने के बहाने दोनों पानी में उतरे, जहां आरोपी ने कथित रूप से गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद जांच को भटकाने की नीयत से महिला के कपड़ों को कैनाल से कुछ दूरी पर एक पेड़ के पास फेंक दिया, ताकि मामला किसी अन्य अपराध की ओर मुड़ जाए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।

मोबाइल सीडीआर और सीसीटीवी बने सबसे अहम साक्ष्य

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के संपर्कों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का गहन विश्लेषण किया। इसी क्रम में पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। महिला के घर से निकलने का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा, जिसने जांच को महत्वपूर्ण दिशा दी।

सुबह घर से निकली, कुछ घंटे बाद कैनाल से मिला शव

परिजनों के अनुसार 26 जुलाई की सुबह करीब 4:30 बजे किरण देवी बिना किसी को बताए घर से निकल गई थीं। वह अपना मोबाइल फोन भी घर पर छोड़ गई थीं। उसी दिन उनके छोटे भाई की कदमा स्थित केएफ-2 फ्लैट में सगाई का कार्यक्रम था और वह मायके में रह रही थीं। कुछ घंटे बाद कैनाल से उनका शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के दौरान अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कराई। जांच आगे बढ़ने पर हत्या की पुष्टि हुई और पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

जांच में सामने आया पारिवारिक पक्ष

पुलिस जांच में यह भी जानकारी सामने आई कि किरण देवी की पूर्व में तीन शादियां हो चुकी थीं। पहली शादी सोनारी निवासी व्यक्ति से हुई थी, जिसके बाद दोनों का तलाक हो गया। दूसरे पति ने आत्महत्या कर ली थी, जबकि तीसरी शादी छत्तीसगढ़ निवासी सुंदर प्रसाद से हुई थी, जिनसे उनका एक पुत्र है। वर्ष 2018 से वह आरोपी दशमत बास्के के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थीं।

थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में छह दिन में खुली गुत्थी

शुरुआत में मामला सामान्य डूबने की घटना प्रतीत हो रहा था, लेकिन परसुडीह पुलिस ने हर पहलू की गंभीरता से जांच जारी रखी। तकनीकी साक्ष्यों, सीडीआर विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और लगातार पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में जांच टीम ने लगातार मामले की मॉनिटरिंग करते हुए महज छह दिनों में ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा दी। पुलिस की इस कार्रवाई को एक महत्वपूर्ण जांच सफलता माना जा रहा है।

अभी-अभी

ਪੰਜਾਬੀ ਖ਼ਬਰਾਂ

Horoscope

Weather

और पढ़ें

हिंदी खबर