फतेह लाइव, रिपोर्टर.
दिव्यांग एवं जरूरतमंद लोगों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए श्री भगवान महावीर सहायता समिति एवं हेल्प क्रॉस सोसायटी की संयुक्त बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक में जमशेदपुर और चाईबासा में नि:शुल्क कृत्रिम अंग (आर्टिफिशियल लिंब) एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बैठक में दिव्यांगजनों के लिए कैलीपर, कृत्रिम अंग, बैसाखी, व्हीलचेयर तथा श्रवण यंत्र (हियरिंग एड) जैसे आवश्यक सहायक उपकरणों का निःशुल्क वितरण करने की विस्तृत योजना पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जमशेदपुर एवं चाईबासा में आयोजित होने वाले इस सेवा अभियान के सफल संचालन की संपूर्ण जिम्मेदारी हेल्प क्रॉस सोसायटी निभाएगी। सोसायटी लाभुकों का पंजीकरण, शिविर की सभी व्यवस्थाएं, विशेषज्ञों की टीम के सहयोग से कृत्रिम अंगों का मापन, निर्माण एवं वितरण सहित पूरे कार्यक्रम का संचालन करेगी।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि हेल्प क्रॉस सोसायटी अपनी सेवा भावना, अनुभव और समर्पण के बल पर इस जनकल्याणकारी अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न करेगी। साथ ही भविष्य में भी समाज के जरूरतमंद और दिव्यांगजनों की सेवा के लिए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर हेल्प क्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के योगदान की सराहना की गई। संस्था ने श्री भगवान महावीर सहायता समिति के सभी पदाधिकारियों, सहयोगियों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों संस्थाओं का यह संयुक्त प्रयास अनेक जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई उम्मीद, आत्मविश्वास और खुशियां लेकर आएगा।
















