फतेह लाइव, रिपोर्टर।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रॉबिन हुड आर्मी (RHA), जमशेदपुर की ओर से देशभक्ति और सेवा भावना से प्रेरित विशेष सेवा अभियान चलाया गया। इस दौरान ध्वजारोहण के साथ जरूरतमंद परिवारों के बीच एक माह का राशन वितरित किया गया।

‘मिशन स्वदेश’ के तहत झरिया, पोटका एवं हरिणा क्षेत्र के आठ गांवों में 200 से अधिक जरूरतमंद परिवारों के बीच एक माह की आवश्यक खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। राशन किट में चावल, दाल, सोयाबीन, आटा, नमक, बिस्किट, मुरमुरा सहित अन्य जरूरी खाद्य सामग्री शामिल थी। अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक आवश्यक खाद्य सामग्री पहुंचाने के साथ उनके साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा करना था।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और बच्चों की मौजूदगी में राष्ट्रध्वज फहराया गया। बच्चों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।
इस सेवा अभियान में अरुण ठाकुर, भवानी शंकर, मिशुख, शुभम, स्नेहा, शुभा, शेली, देव, आकाश, राशि एवं ज्योति सहित RHA के कई स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वयंसेवकों ने राशन की पैकिंग, वितरण, ध्वजारोहण एवं ग्रामीणों के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।
अभियान को सफल बनाने में RHA के स्वयंसेवकों, सहयोगियों, प्रायोजकों एवं शुभचिंतकों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उनके सहयोग से 200 से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक एक माह की आवश्यक खाद्य सामग्री पहुंचाई जा सकी।
इस अवसर पर RHA जमशेदपुर की टीम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल आजादी का उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी दिन है। टीम ने कहा कि उनका प्रयास है कि स्वतंत्रता दिवस की खुशी और सम्मान समाज के जरूरतमंद परिवारों तक भी पहुंचे।
कार्यक्रम का समापन ‘सेवा परमो धर्मः’ के संदेश के साथ हुआ। RHA जमशेदपुर की टीम ने भविष्य में भी जरूरतमंदों की सहायता और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प लिया।









































