फतेह लाइव, रिपोर्टर.
मानगो थाना क्षेत्र में SIR कर्मी बनकर महिला के फ्लैट में घुसकर उसे बंधक बनाने और सोने के आभूषण लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राकेश बहादुर उर्फ राकू, अभिषेक कुमार दास, तबस्सुम खातून और समरेश पॉल उर्फ नान्टु पॉल शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को मानगो के जवाहर नगर रोड नंबर 15 स्थित श्रीकृष्णा एलेक्स के एक फ्लैट में वारदात हुई थी। आरोपी SIR कर्मी बनकर महिला के घर पहुंचे और मौका पाकर उसे बंधक बना लिया। इसके बाद महिला के पहने हुए सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए। घटना को लेकर पीड़िता लावती अम्मा के आवेदन पर 2 सितंबर को मानगो थाना कांड संख्या 186/2026 दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। सहायक पुलिस अधीक्षक मुख्यालय-1 ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए करीब 20 ग्राम सोने को भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, लूटे गए आभूषणों को गलाकर चपटा गोलाकार रूप दे दिया गया था। बरामद सोने को जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है।
जांच के दौरान आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, राकेश बहादुर उर्फ राकू के खिलाफ बागबेड़ा और जुगसलाई थाना में लूट, डकैती की तैयारी, अवैध हथियार और रंगदारी से जुड़े मामले दर्ज हैं। समरेश पॉल उर्फ नान्टु पॉल के खिलाफ परसुडीह थाना में लूट का मामला दर्ज है। वहीं अभिषेक कुमार दास के खिलाफ सिदगोड़ा थाना में मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों, लूटे गए सामान और वारदात की पूरी साजिश के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा हो सकता है।




































