लगातार सामने आ रही महिला अपराध की घटनाओं पर NDA के सहयोगी चिराग पासवान ने जताई नाराजगी
कहा- सुरक्षा का भरोसा देना सरकार की जिम्मेदारी
फतेह लाइव, रिपाेर्टर।
बिहार में पिछले कुछ दिनों के दौरान महिलाओं और युवतियों से जुड़ी आपराधिक घटनाओं को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चिंता जताई जा रही है। अलग-अलग जिलों से सामने आए घटनाक्रम और वायरल वीडियो को लेकर अब केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी नाराजगी जाहिर की है।
चिराग पासवान की पार्टी बिहार में एनडीए सरकार की सहयोगी है। इसके बावजूद उन्होंने कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर सरकार के प्रति अपनी चिंता खुलकर जाहिर की। एक इंटरव्यू के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि मौजूदा स्थिति को हल्के में नहीं लिया जा सकता।
उन्होंने कहा कि आज की तारीख में लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता है। सरकार का हिस्सा होने के नाते वे इस सवाल से खुद को अलग नहीं कर सकते। चिराग पासवान के मुताबिक, ऐसी घटनाओं के बीच सरकार का सहयोगी होने के कारण उन्हें स्वयं शर्मिंदगी महसूस होती है।
‘कोई सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा’
चिराग पासवान ने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में लोगों को सुरक्षा का भरोसा देना शामिल है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और बेटियों के बीच पैदा हो रहे डर को लेकर चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि अगर किसी बच्ची को शाम के समय घर से निकलने से पहले अपनी सुरक्षा को लेकर सोचना पड़े, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उनके अनुसार, जिस सरकार का वे हिस्सा हैं, उससे लोगों को सुरक्षा की भावना मिलनी चाहिए।
‘मैं आक्रोशित हूं’
जब चिराग पासवान से पूछा गया कि क्या वे इन घटनाओं को लेकर कोई बड़ा या कड़ा फैसला ले सकते हैं, तो उन्होंने कहा कि वह इन घटनाओं से आक्रोशित हैं। उन्होंने बिहार की छवि को लेकर भी चिंता जताई।
चिराग ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर बिहार की छवि पर ऐसी घटनाओं का असर पड़ता है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि राज्य की बेटियों के मन में डर और असुरक्षा की भावना पैदा नहीं होनी चाहिए।
जमुई के बाद अन्य जिलों की घटनाओं से बढ़ी चिंता
कुछ दिन पहले जमुई जिले से एक वीडियो सामने आया था, जिसमें एक नाबालिग लड़के और लड़की के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
इसके बाद समस्तीपुर, बांका और अन्य जिलों से भी महिलाओं एवं युवतियों से जुड़े आपराधिक मामलों की खबरें सामने आईं। इन घटनाओं को लेकर विपक्षी दलों ने भी सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
अब एनडीए के सहयोगी दल के प्रमुख चिराग पासवान की सार्वजनिक नाराजगी ने महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मुद्दे को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।




































