फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर जिला बार संघ की नियमित रूप से प्रैक्टिस करने वाली अधिवक्ता श्रीमती अनुराधा चौधरी का 29 सितंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित AIIMS में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से कैंसर की गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं और AIIMS में उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार को करीब 3 बजे अपराह्न उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन की सूचना अधिवक्ता अक्षय कुमार झा को जमशेदपुर जिला बार संघ के अध्यक्ष रतिंद्र नाथ दास, महासचिव कुमार राजेश रंजन, उपाध्यक्ष बलाई पांडा, कार्यकारिणी सदस्य अभय कुमार सिंह तथा लॉयर्स डिफेंस से जुड़े अधिवक्ताओं परमजीत कुमार श्रीवास्तव, विनोद कुमार मिश्रा, अमित कुमार, संजीव कुमार झा, नवीन प्रकाश, केशव कुमार सिंह, रविंद्र कुमार और नीरज कुमार के माध्यम से मिली।
अधिवक्ता अक्षय कुमार झा ने बताया कि वह कोलकाता कोर्ट के कार्य से बाहर थे और उन्हें अनुराधा चौधरी के निधन की जानकारी व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से मिली।
अधिवक्ता अनुराधा चौधरी के असामयिक निधन से अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर है। अधिवक्ताओं ने उनके निधन को समुदाय के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
जमशेदपुर जिला बार संघ से जुड़े अधिवक्ताओं ने निर्णय लिया है कि 30 सितंबर 2026 को द्वितीय पाली में वे अपने न्यायिक कार्य से अलग रहकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।




































