अलीगढ़ मंडल के 53 स्टॉलों पर खरीदारों की भीड़, स्थानीय उत्पादों को मिला अंतरराष्ट्रीय बाजार का मंच
फतेह लाइव, डेस्क।
ग्रेटर नोएडा में आयोजित इंटरनेशनल ट्रेड शो में अलीगढ़ के पारंपरिक स्वाद और स्थानीय उत्पादों ने देश-विदेश से पहुंचे खरीदारों और उद्यमियों का ध्यान आकर्षित किया। यहां अलीगढ़ की मशहूर कचौड़ी, चमचम, सोनपापड़ी, केसर पेड़ा और दालमोठ का स्वाद विदेशी मेहमानों तक पहुंचा, वहीं ताला-हार्डवेयर, मूर्तियों और अन्य स्थानीय उत्पादों के स्टॉल भी खरीदारों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
25 से 29 सितंबर तक आयोजित ट्रेड शो में 80 देशों के उद्यमियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। देश-विदेश से पहुंचे हजारों खरीदारों के बीच अलीगढ़ और पूरे मंडल के स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर उद्यमियों के लिए महत्वपूर्ण रहा। ट्रेड शो में ODOP और ODOC उत्पादों को विशेष स्थान दिया गया।
देसी घी की कचौड़ी बनी आकर्षण
अलीगढ़ की कचौड़ी ने ट्रेड शो में खास पहचान बनाई। स्टॉल संचालक दैविक शर्मा के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2019 में कचौड़ी के कारोबार की शुरुआत की थी। ट्रेड शो में देसी घी से तैयार दो कचौड़ियां 160 रुपये में परोसी गईं। इनके साथ कद्दू और आलू की सब्जी तथा रायता दिया गया। देशी और विदेशी मेहमानों ने कचौड़ी और चटपटी सब्जी के स्वाद को पसंद किया।
अलीगढ़ की मिठाइयों की भी मांग
अलीगढ़ की पारंपरिक मिठाइयों ने भी ट्रेड शो में अपनी जगह बनाई। मिठाई विक्रेता राजीव ख्यालीराम ने बताया कि चमचम और डोडा बर्फी 600 रुपये, काजू बर्फी 1100 रुपये, बेसन के लड्डू 600 रुपये और बूंदी के लड्डू 640 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराए गए।
उन्होंने बताया कि अलीगढ़ की मिठाइयों की ऑनलाइन डिलीवरी अमेरिका तक की जा रही है। ऑर्डर वहां करीब चार से पांच दिनों में पहुंचाया जाता है।
अलीगढ़ मंडल के 53 स्टॉल
इंटरनेशनल ट्रेड शो में अलीगढ़ मंडल के कुल 53 स्टॉल लगाए गए। इनमें सबसे अधिक 34 स्टॉल अलीगढ़ जिले के थे। अलीगढ़ से ODOP के 14, MSME के तीन, न्यू एक्सपोर्टर श्रेणी के चार, ओल्ड एक्सपोर्टर श्रेणी के छह, ODOC के तीन, GI टैग के तीन तथा मुख्यमंत्री युवा योजना के तहत एक स्टॉल लगाया गया।
हाथरस से 12 स्टॉल लगाए गए, जिनमें ODOP के दो, MSME के छह, ओल्ड एक्सपोर्टर के दो और ODOC के दो स्टॉल शामिल रहे। एटा से चार तथा कासगंज से दो स्टॉल लगाए गए।
उपायुक्त उद्योग एसपी यादव ने बताया कि ट्रेड शो में 80 देशों के उद्यमी और देश-विदेश से हजारों खरीदार पहुंचे। इससे अलीगढ़ समेत पूरे मंडल के स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिला। साथ ही उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग, निर्यात की संभावनाओं और कारोबार के नए अवसरों की जानकारी हासिल करने का भी मंच मिला।




































