मिठाई और अंगवस्त्र भेंटकर शहीदों के परिजनों का जाना कुशलक्षेम, कहा- राष्ट्र के लिए उनका बलिदान सदैव रहेगा अमर
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
दीपावली के पावन अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर के प्रतिनिधियों ने शहीद सैनिकों के परिजनों के घर पहुंचकर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने शहीद परिवारों का कुशलक्षेम जाना, मिठाई भेंटकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।

परिषद की इस पहल का उद्देश्य शहीद परिवारों को यह एहसास कराना था कि देश की रक्षा में उनके अपनों का सर्वोच्च बलिदान हमेशा स्मरणीय रहेगा और पूर्व सैनिक समाज हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। प्रतिनिधियों ने शहीदों की माताओं, वीर नारियों और बच्चों से बातचीत कर उनके सुख-दुख में सहभागी बनने का भरोसा भी दिया।
इसी क्रम में परिषद के प्रतिनिधि आदित्यपुर स्थित शहीद मनोज कुमार के आवास पहुंचे। वहां उनकी पत्नी सुनीता शर्मा, बच्चों एवं अन्य परिजनों से मुलाकात कर उन्हें अंगवस्त्र भेंट किया और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इसके अलावा परिषद के प्रतिनिधियों ने कीताडीह में शहीद किशन दुबे की परिजन श्रीमती जगमाया देवी, बागबेड़ा में शहीद जितेंद्र कुमार की पत्नी श्रीमती दुर्गावती देवी तथा बालीगुमा में शहीद मनोरंजन कुमार (मरणोपरांत शौर्य चक्र) के पिता नायब सूबेदार नवीन कुमार के घर पहुंचकर परिवारों से मुलाकात की। सभी को मिठाई भेंटकर उनके प्रति सम्मान और आत्मीयता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर परिषद के सदस्यों ने कहा कि शहीदों का बलिदान केवल उनके परिवारों की धरोहर नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की अमूल्य विरासत है। शहीद परिवारों का सम्मान करना, उनकी चिंता करना और उनके सुख-दुख में सहभागी बनना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। दीपावली के अवसर पर इन परिवारों के बीच पहुंचना उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा-सा प्रयास है।
परिषद ने जिलावासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। साथ ही नागरिकों से आपसी सौहार्द और सद्भाव के साथ सुरक्षित एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की।
इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर की ओर से प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धनाथ सिंह, वरिष्ठ सदस्य एस.के. सिंह, अवधेश कुमार, कुंदन सिंह, वरुण कुमार, मनोज सिंह, संजय सिंह एवं शैलेश सिंह सहित अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।


































