फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के मानगो नगर निगम चुनाव के तहत मरीना सिटी में हुई बैठक में ये तय किया गया कि इस चुनाव में आजादनगर के हर बूथ पर एनडीए के कार्यकर्ता बैठेंगे और फर्जी मतदान हरगिज नहीं होने देंगे। अगर किसी ने फर्जी मतदान करने की कोशिश की तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
जदयू के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि लोग ये क्रेडिट लेते हैं कि उन्होंने एमजीएम बनवा दिया। कैसा एमजीएम बनवाया, जहां पानी नहीं है। जिनका ऑपरेशन होना है, जरूरी है, उनका ऑपरेशन नहीं हो रहा है। ऑपरेशन होगा कैसे। अस्पताल में पानी है ही नहीं। पानी नगर निगम से लिया जा रहा है।
लोग उस अस्पताल में जीते जी मर रहे हैं। बैठक में वरीय जदयू नेता आशुतोष राय ने कहा कि चुनाव का वक्त है। बहुत तरह के लोग आएंगे। सब्जबाग दिखाएंगे। उनको नमस्ते करिए लेकिन वोट संध्या सिंह के कैमरा छाप पर ही दीजिए क्योंकि एनडीए समर्थित उम्मीदवार वही हैं और हम लोग उन्हें ही भारी बहुमत से विजयी बनाएंगे।
युवा जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश महासचिव पप्पू सिंह ने कहा कि लोग कदमा से यहां आकर मेयर बनना चाहते हैं। काहे बनना चाहते हैं भाई? क्या मानगो में मैयर पद के लायक लोग नहीं हैं? उन्होंने कहा कि वह 32 माह से संघर्ष कर रहे हैं। जैसे ही उन्होंने कहा कि वह मेयर का चुनाव लड़ेंगे, उन्हें पार्टी (जदयू नहीं) से निकाल दिया गया, आधा दर्जन केस ठोक दिये गए, घरों पर छापा मरवाया गया। इससे कौन डरता है? जीत संध्या सिंह जी की ही होगी और भारी बहुमत से होगी।
इस बैठक की अध्यक्षता जनता दल (यूनाइटेड) के युवा मोर्चा के प्रदेश महासचिव पप्पू सिंह ने की। बैठक में विशेष तौर पर बरकट्ठा के भाजपा विधायक अमित यादव, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष नीरज सिंह समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।




































