फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में फर्जी पुलिस बन एक बुजुर्ग से ठगी का मामला सामने आया है.यह घटना जुगसलाई थाना क्षेत्र में हुई है. बाइक सवार दो बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर बुजुर्ग को निशाना बनाया और उनके गहने लेकर फरार हो गए. इस मामले में मंगलवार को जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. जुगसलाई घोड़ा चौक के पास रहने वाले 70 वर्षीय अनिल नेव इस वारदात के शिकार बने.
घटना जुगसलाई स्थित कैलाश टावर के सामने पटाखा दुकान के पास की है. अनिल नेव दुकान के बाहर खड़े थे, तभी बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे. उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं बढ़ गई हैं, इसलिए सुरक्षा के लिए अपने गहनों को उतारकर कागज में लपेटकर जेब में रख लें.
बदमाशों की बातों में आकर बुजुर्ग ने अपनी अंगूठी और चेन उतारकर कागज में लपेटना शुरू किया. इसी दौरान आरोपियों ने चालाकी से कागज में रखे गहनों को झपट लिया और वहां से फरार हो गए.पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें.
गम्हरिया की ओर भागे बदमाश
केस दर्ज करने के बाद जुगसलाई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है. जांच में पता चला है कि बदमाश गमहरिया की ओर भागे है. जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी ने बताया कि गमहरिया तक बदमाशों को ट्रेस किया गया है. गमहरिया तक के सीसीटीवी फुटेज में उन्हें देखा गया है.
पुलिस अब उसके आगे का फुटेज खंगालेगी. बदमाशों को जल्द पकड़ लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि बुजुर्ग व्यक्ति से फर्जी पुलिस बनकर बाइक सवार दो बदमाशों ने गहनों की ठगी की है. बुजुर्ग उनकी बातों में आ गए और ठगी का शिकार हो गए.



