नाव-ट्रैक्टर से प्रभावित इलाकों में पहुंचे केंद्रीय मंत्री; बोले- पानी उतरने के बाद होगा नुकसान का सही आकलन, टूटे मकानों को पीएम आवास से फिर बनाने पर विचार
फतेह लाइव, रिपाेर्टर।
बिहार में बाढ़ ने बड़े पैमाने पर जनजीवन को प्रभावित किया है। कई इलाकों में घर, फसल और पशुधन को नुकसान पहुंचने के बीच केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। पटना से भागलपुर तक हुए इस दौरे में केंद्रीय मंत्री ने प्रभावित लोगों से बातचीत की और खेतों में हुए नुकसान को भी देखा।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार में बाढ़ से भारी क्षति हुई है। इसकी जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार बिहार के साथ खड़ी है और अधिकतम संभव सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी।
टूटे घरों को फिर खड़ा करने की तैयारी
केंद्रीय मंत्री ने संकेत दिया कि बाढ़ में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए मकानों को प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से दोबारा बनाने पर विचार किया जाएगा। हालांकि, नुकसान का अंतिम आकलन बाढ़ का पानी उतरने के बाद ही संभव होगा।
शिवराज ने बताया कि बिहार में बड़ी संख्या में लोगों को बाढ़ के कारण अपना घर छोड़ना पड़ा है। उन्होंने फसलों, मकानों और पशुओं को हुए नुकसान का भी उल्लेख किया। नुकसान का विस्तृत आकलन होने के बाद सहायता का स्वरूप तय किया जाएगा।
पांच जिलों में बाढ़ का जायजा
शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना, सारण, वैशाली, मुंगेर और भागलपुर के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। मनेर और दिघवारा इलाके का हवाई सर्वे करने के बाद दोनों नेता वैशाली के राघोपुर प्रखंड के तेरसिया और सरायपुर गांव पहुंचे।
यहां उन्होंने नाव और ट्रैक्टर पर सवार होकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। किसानों से बातचीत की और फसल को हुए नुकसान की जानकारी ली। प्रभावित लोगों ने अपनी समस्याओं से जुड़े आवेदन भी केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री को सौंपे।
केंद्र की एक और टीम करेगी नुकसान का आकलन
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने बिहार पहुंच चुकी है। इसके अलावा एक और केंद्रीय दल भी राज्य में भेजा जाएगा। बाढ़ का पानी कम होने के बाद क्षति का विस्तृत और वास्तविक आकलन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नुकसान का सटीक आकलन पूरा होने के बाद किसानों और अन्य प्रभावित लोगों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र से भेजी गई टीमें स्थिति की समीक्षा करेंगी और बिहार को केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
बाढ़ में जान बचाने वाले बच्चे का सम्मान
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ के बीच अपने गांव के चार लोगों की जान बचाने वाले छोटे बच्चे विशाल कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। बाढ़ की त्रासदी के बीच बच्चे के साहस की यह पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी।
अब निगाहें बाढ़ का पानी उतरने के बाद होने वाले विस्तृत नुकसान के आकलन और प्रभावित परिवारों के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से घोषित होने वाली सहायता पर टिकी हैं।




































