पूर्व प्रधान राम चरण कर्मकार के निधन के बाद रिक्त था पद
विशेष ग्रामसभा में पगड़ी पहनाकर सौंपी गई जिम्मेदारी, ग्रामीणों ने दी सर्वसम्मति से स्वीकृति
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के ग्रामीण क्षेत्र गोबिंदपुर मनपीटा गांव में रविवार को आयोजित विशेष ग्रामसभा में गौतम कर्मकार को मनपीटा का नया ग्राम प्रधान घोषित किया गया। मनपीटा मौजा के अंतर्गत आने वाले हुरलूंग, लुपुंगडीह, नूतनडीह और मनपीटा गांवों के ग्रामीणों की मौजूदगी में पारंपरिक विधि-विधान के साथ गौतम कर्मकार को ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी सौंपी गई।

विशेष ग्रामसभा में हुरलूंग पंचायत की मुखिया लीना मुंडा, उपमुखिया निरंजन रूही दास, वार्ड सदस्य सिधू कर्मकार, धनंजय सिंह मुंडा, मधु मंडल, मोजन महतो, पूर्व उपमुखिया राजेश कर्मकार, अमूल्य कर्मकार, कृष्णा सहित अन्य प्रबुद्ध ग्रामीण मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से गौतम कर्मकार को पगड़ी पहनाकर ग्राम प्रधान बनाए जाने की प्रक्रिया पूरी की।

ग्रामसभा में मौजूद ग्रामीणों ने हाथ उठाकर एवं तालियां बजाकर गौतम कर्मकार के प्रधान बनाए जाने पर अपनी सहमति जताई। इसके बाद गौतम कर्मकार ने ग्राम एवं पूरे मौजा क्षेत्र के गांवों की सेवा करने और ग्रामीणों के हित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
पूर्व प्रधान राम चरण कर्मकार को दी श्रद्धांजलि
ग्रामसभा के दौरान पूर्व ग्राम प्रधान राम चरण कर्मकार को श्रद्धांजलि दी गई। मालूम हो कि राम चरण कर्मकार के निधन के बाद ग्राम प्रधान का पद रिक्त था। गौतम कर्मकार, राम चरण कर्मकार के पुत्र हैं।
इस अवसर पर मुखिया लीना मुंडा ने पूर्व प्रधान राम चरण कर्मकार के कार्यों को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि राम चरण कर्मकार ने ग्राम के विकास और ग्रामीणों के हित में महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके अधूरे सपनों और जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाना नई जिम्मेदारी संभालने वाले गौतम कर्मकार के लिए महत्वपूर्ण दायित्व होगा।
विशेष ग्रामसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पारंपरिक तरीके से नए प्रधान के चयन और ग्रामीणों की सामूहिक सहमति से आयोजित कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द एवं एकजुटता के माहौल में हुआ।









































