फतेह लाइव, रिपोर्टर।
पर्यावरण संरक्षण और शहरवासियों को हरियाली से जोड़ने की दिशा में गिरिडीह के पचम्बा स्थित कल्याणडीह में शनिवार को फेज-2 के नगर वन (नक्षत्र वन) परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया गया। नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, डीएफओ मनीष तिवारी एवं गिरिडीह नगर निगम की मेयर प्रमिला मेहरा ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर परियोजना की आधारशिला रखी। इस अवसर पर वन महोत्सव का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण में हिस्सा लिया। वन विभाग की ओर से ग्रामीणों के बीच पौधों का वितरण कर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
वन विभाग की 28 एकड़ भूमि पर करीब 2.50 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाले इस नगर वन को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। इसमें हरियाली के साथ लोगों के भ्रमण, प्रकृति से जुड़ाव और पर्यावरण जागरूकता के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि शहर से सटे इस क्षेत्र में बनने वाला नगर वन भविष्य में लोगों के लिए प्रकृति के बीच सुकून का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए शहरी क्षेत्रों में भी जंगल जैसी हरियाली विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। यह नगर वन आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
डीएफओ मनीष तिवारी ने कहा कि नगर वन की यह परियोजना जंगल की परिकल्पना को साकार करेगी। यहां विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे, जिससे जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को प्रकृति के और करीब आने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।
















