फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर-1 में रितेश सिन्हा की ओर से भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों सहित आसपास के श्रद्धालुओं ने पूजा पंडाल पहुंचकर भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद लिया।

गणेश पूजा के इसी क्रम में बुधवार को पूजा पंडाल परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि पश्चिमी जमशेदपुर के विधायक सरयू राय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाने में रक्तदान की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
शिविर में कुल 54 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। रक्त संग्रह के लिए जमशेदपुर ब्लड बैंक की टीम एवं सदस्य मौजूद रहे। स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
आयोजकों ने बताया कि गणेश पूजा के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सामाजिक सरोकार से जुड़े आयोजन भी किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शाम को भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश के भजनों का आनंद लिया। पूरे आयोजन को लेकर आसपास के लोगों में उत्साह का माहौल रहा।




































