Jamshedpur : नशा और हिंसा के खिलाफ सड़कों पर उतरेगा गीता थिएटर, हर रविवार मोहल्लों में नुक्कड़ नाटक से जगाई जाएगी अलख

SHARE:

जिला उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, प्रशासन से मांगा सहयोग; युवाओं को नशे और अपराध से दूर कर सकारात्मक माहौल बनाने का संकल्प

फतेह लाइव, रिपोर्टर.

जमशेदपुर शहर में तेजी से बढ़ रहे नशापान, चापड़बाजी, असामाजिक गतिविधियों और हिंसात्मक घटनाओं के खिलाफ अब कला के माध्यम से जनजागरण की मुहिम शुरू होने जा रही है। गीता थिएटर, जमशेदपुर (ग्रेट इंडियन थिएटर एसोसिएशन) ने पूरे शहर में “मोहल्ला नुक्कड़ नाटक जन-जागरूकता अभियान” चलाने की घोषणा की है। इस अभियान के तहत हर रविवार शहर के अलग-अलग मोहल्लों और चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को नशे और अपराध के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

Gambhir Car Associate Motion Ads Motion Ads

अभियान की शुरुआत से पहले नाट्य ट्रस्ट के सचिव एवं नागरिक सुरक्षा (पूर्वी सिंहभूम) के सदस्य प्रेम कुमार दीक्षित के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से शहर की विभिन्न बस्तियों में बढ़ती सामाजिक बुराइयों और अपराध की घटनाओं पर चिंता जताते हुए अभियान के लिए प्रशासनिक सहयोग का आग्रह किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ब्राउन शुगर, शराब और अन्य नशीले पदार्थों की बढ़ती लत के कारण युवाओं में अपराध, चापड़बाजी और आपसी रंजिश में हिंसक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। ऐसे समय में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज के बीच सकारात्मक संदेश पहुंचाकर युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

गीता थिएटर ने जिला प्रशासन से अभियान के सफल संचालन के लिए प्रशासनिक अनुमति, परिवहन सहयोग, स्थानीय पुलिस के समन्वय तथा जिला प्रशासन के सांस्कृतिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों में संस्था को शामिल करने की मांग की है। संस्था का कहना है कि कला और रंगमंच समाज में सकारात्मक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं।

“हमारा उद्देश्य युवाओं को नशे और हिंसा के माहौल से निकालकर कला, संस्कृति और सकारात्मक सोच से जोड़ना है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज में जागरूकता और बदलाव की नई शुरुआत होगी।”

गीता थिएटर की अध्यक्ष गीता कुमारी ने शहर के बुद्धिजीवियों, युवाओं और समाजसेवियों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति अपने मोहल्ले या क्षेत्र में जागरूकता नाटक का आयोजन करवाने के लिए संस्था के आधिकारिक नंबर 7209441698 एवं 8092623310 पर संपर्क कर सकता है। साथ ही इच्छुक नागरिक स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग देकर भी इस सामाजिक अभियान को मजबूत बना सकते हैं। अभियान से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी संस्था के सोशल मीडिया हैंडल @TheatreOfGita पर नियमित रूप से साझा की जाएगी।

इस अवसर पर गीता थिएटर की अध्यक्ष गीता कुमारी, सचिव प्रेम कुमार दीक्षित, युवा अध्यक्ष अनंत सरदार, खुशी पाण्डेय, तमन्ना राव, गंगा मंडल, आयुष चौरसिया, ममता सिंह, आकाश, करण, सूरज, देवू सहित संस्था के कई सदस्य उपस्थित रहे।

अभी-अभी

Horoscope

Weather

और पढ़ें