फतेह लाइव, रिपोर्टर.
झारखंड की शेरनी के नाम से प्रसिद्ध कल्पना सोरेन ने जमशेदपुर के मानगो स्थित आदिवासी मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए झारखंड की अस्मिता और अधिकारों की लड़ाई पर जोर दिया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य का गठन होने के बावजूद आदिवासी अस्मिता की लड़ाई खत्म नहीं हुई है। कल्पना ने आरोप लगाया कि जब हेमंत सोरेन ‘मैय्या सम्मान योजना’ जैसी जनहितकारी योजनाएं लागू करते हैं, तो केंद्र सरकार घबरा कर उन्हें जेल भेजने की कोशिश करती है।
कल्पना सोरेन ने महागठबंधन की एकता को मजबूत बताते हुए कहा कि जहां भाजपा समाज में विभाजन लाने का प्रयास कर रही है। वहीं इंडिया गठबंधन सभी को जोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड में सबसे अधिक शासन करने वाली भाजपा ने केवल समाज में बंटवारा किया, जबकि झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन की सरकार राज्य की आधी आबादी के उत्थान के लिए काम कर रही है।
जनसभा में कल्पना ने जनता से अपील की कि वे महागठबंधन के उम्मीदवार बन्ना गुप्ता को वोट दें और “पंजा छाप” पर बटन दबाकर हेमंत सरकार को मजबूत करें। उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सपनों का झारखंड बनाने की बात की और कहा कि यह चुनाव जनता के हक-अधिकार के लिए है।
जमशेदपुर पश्चिमी से महागठबंधन के प्रत्याशी बन्ना गुप्ता ने भी भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग पहले कमल को डुबाने में लगे थे, वे आज उसे सिलेंडर बता रहे हैं। उन्होंने जनता से भाजपा के भ्रम में न आने की अपील की और हेमंत सरकार को राज्य की माताओं और बहनों के सम्मान का प्रतीक बताया।









































