जुस्को के टाउन जीएम आरके सिंह ने भाजपा नेता सतबीर सिंह सोमू को दिया आश्वासन
18 फीट ऊंची पालकी के गुजरने के लिए दुरुस्त होगा साढ़े सात किलोमीटर का रास्ता
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 558वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में निकलने वाले विशाल नगर कीर्तन को लेकर जुस्को प्रशासन शुक्रवार से मार्ग की मरम्मतीकरण और पेड़ों की टहनियों की छंटाई का काम शुरू करेगा। जुस्को के टाउन जीएम आरके सिंह ने भाजपा के युवा सिख नेता सतबीर सिंह ‘सोमू’ को यह आश्वासन दिया है।
गुरुवार को सतबीर सिंह ‘सोमू’ के नेतृत्व में सिख सांझी आवाज के प्रतिनिधिमंडल ने जुस्को मुख्यालय में टाउन जीएम आरके सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें अनुरोध पत्र सौंपकर नगर कीर्तन मार्ग की सड़कों की मरम्मत, गड्ढों को भरने और रास्ते में बाधा बन रही पेड़ों की शाखाओं की छंटाई कराने का आग्रह किया गया। इस पर आरके सिंह ने इसे अपना सौभाग्य बताते हुए कहा कि संस्थापक के नीति-सिद्धांतों और उद्देश्यों के प्रति प्रबंधन अडिग है। उन्होंने शुक्रवार से ही आवश्यक कार्य शुरू कराने का भरोसा दिया।
सोमू ने बताया कि मंगलवार को सोनारी गुरुद्वारा साहिब से विशाल नगर कीर्तन निकलेगा। यह कागलनगर टैंक रोड, रिवर मीट रोड, बेल्डीह रोड, जुस्को मुख्यालय गोलचक्कर, स्ट्रेट माइल रोड, कीनन स्टेडियम, साकची गोलचक्कर और न्यू कालीमाटी रोड होते हुए गुरुद्वारा साहिब, साकची पहुंचेगा।
करीब साढ़े सात किलोमीटर लंबे इस नगर कीर्तन मार्ग से लगभग 18 फीट ऊंची श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी गुजरेगी। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में संगत और शहरवासियों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और नगर कीर्तन के निर्बाध आवागमन को ध्यान में रखते हुए सड़कों के गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, आवश्यक रखरखाव और सड़क किनारे पेड़ों की नीचे लटकती शाखाओं की छंटाई कराने का अनुरोध किया गया था। इस दौरान चंचल भाटिया, नवजीत सिंह सोहल, करमजीत सिंह कम्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।



































