शहीदे आजम भगत सिंह की जयंती पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि, बुजुर्गों का लिया आशीर्वाद
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में शौर्य संस्था ने सोमवार को शहीदे आजम सरदार भगत सिंह की जयंती और संस्था के स्थापना दिवस के अवसर पर बाराद्वारी स्थित वृद्ध आश्रम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। संस्था के सदस्यों ने वृद्ध आश्रम के बुजुर्गों के साथ स्थापना दिवस मनाया और भगत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने भगत सिंह के जीवन, अदम्य साहस, देशभक्ति और राष्ट्र के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद किया। संस्था के संस्थापक अमरजीत सिंह राजा ने कहा कि भगत सिंह का जीवन देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देकर देश के इतिहास में अमिट स्थान बनाया। उन्होंने देश की सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में मातृभूमि की रक्षा कर रहे सैनिकों को भी नमन किया।
स्थापना दिवस के मौके पर संस्था के सदस्यों ने वृद्ध आश्रम के बुजुर्गों के साथ समय बिताया और उनका सम्मान करते हुए आशीर्वाद लिया। अमरजीत सिंह राजा ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, संस्कार और मार्गदर्शन से समाज को निरंतर दिशा मिलती है। बुजुर्गों की सेवा और सम्मान को सामाजिक दायित्व मानते हुए शौर्य संस्था भविष्य में भी सामाजिक एवं सेवा कार्यों को जारी रखेगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भगत सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र और समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में तेजिंदर सिंह जोनी, ओंकार सिंह, नारायण प्रसाद, गोबू घोष, मनीष पांडेय, बंटी सिंह, किशोर साहू, मुनचुन प्रसाद, राहुल कर्मकार, धनेश्वर सिंह, अनिल अग्रवाल सहित संस्था के अन्य सदस्य और वृद्ध आश्रम के बुजुर्ग मौजूद रहे।




































