झारखंड रेल यूज़र्स एसोसिएशन की रेल सेवाओं में सुधार को लेकर मांग
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
झारखंड रेल यूज़र्स एसोसिएशन ने दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (GM) एवं चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) के समक्ष क्षेत्रीय रेल सेवाओं में सुधार हेतु कई प्रमुख मांगें रखीं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष कुमार अभिषेक एवं सोनारी निवासी साहिल शर्मा ने बताया कि कोविड-19 के बाद से चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत चलने वाली अधिकांश यात्री गाड़ियां लगातार विलंब से संचालित हो रही हैं, जिसके कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने रेल प्रशासन से समय पालन (Punctuality) सुनिश्चित करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
टाटानगर और जयपुर के बीच आवश्यक रेल संपर्क स्थापित करने के लिए एसोसिएशन ने दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे.
ट्रेन संख्या 08611/08612 संतरागाछी–अजमेर स्पेशल को नियमित सेवा के रूप में संचालित करते हुए इसका विस्तार खातिपुरा (जयपुर) तक किया जाए।
ट्रेन संख्या 18009/18010 संतरागाछी–अजमेर एक्सप्रेस का भी विस्तार खातिपुरा (जयपुर) तक किया जाए।
इसके अतिरिक्त, एसोसिएशन ने टाटानगर से दिल्ली एवं मुंबई के लिए नई ट्रेनों के संचालन की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान ट्रेनों में कन्फर्म टिकट प्राप्त करना अत्यंत कठिन है, जिससे यात्रियों को असुविधा हो रही है।
साथ ही, हावड़ा/शालीमार से चलने वाली मुंबई गामी ट्रेनों में टाटानगर, चक्रधरपुर एवं राउरकेला के यात्रियों के लिए GNWL (General Waiting List) कोटा निर्धारित करने की भी मांग रखी गई।
एसोसिएशन ने आशा व्यक्त की कि रेलवे प्रशासन इन सभी मांगों पर शीघ्र विचार कर झारखंड के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा प्रदान करेगा।



