The spree of thefts continues in Jamshedpur : परसुडीह थाना से 200 मीटर की दूरी पर चोरी

SHARE:

फतेह लाइव, रिपोर्टर.

जमशेदपुर शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच शुक्रवार देर रात परसुडीह थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित एक होटल को चोरों ने निशाना बना लिया। थाना के इतने करीब हुई वारदात ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था और कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, देर रात चोर होटल का ताला काटकर अंदर घुसे और गल्ले में रखी नकदी के साथ कई सामान चोरी कर फरार हो गए। शनिवार सुबह जब होटल संचालक दुकान खोलने पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। होटल का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखे रुपये गायब थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल परसुडीह थाना पुलिस को सूचना दी।

Gambhir Car Associate Motion Ads Motion Ads

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। होटल संचालक की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संचालक के अनुसार, चोर गल्ले में रखे 1300 रुपये नकद के अलावा कोल्ड ड्रिंक, पानी की बोतलें तथा अन्य सामान भी अपने साथ ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है।

होटल संचालक ने बताया कि रोज की तरह शुक्रवार रात होटल बंद कर वह अपने घर चले गए थे। रात के दौरान चोरों ने ताला काटकर आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि जब थाना से इतनी कम दूरी पर स्थित प्रतिष्ठान भी सुरक्षित नहीं हैं, तो शहर के अन्य इलाकों की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है। व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में शहर में चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। कुछ दिन पहले मानगो क्षेत्र में एक ही रात 12 दुकानों के ताले काटकर चोरी की गई थी। इसके बावजूद अपराधियों के हौसले कम होते नहीं दिख रहे हैं। अब परसुडीह थाना के समीप हुई इस वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर नए सिरे से सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

[ays_poll id=1]
सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें