Woman murdered in Jamshedpur : परसुडीह में महिला की संदिग्ध हालात में हत्या, दुष्कर्म की आशंका; हाथों की मेहंदी ने बढ़ाए कई सवाल

SHARE:

फतेह लाइव, रिपोर्टर.

जमशेदपुर में परसुडीह थाना क्षेत्र के भुडरूडीह कैनाल किनारे रविवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति देखकर स्थानीय लोगों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

सुबह से जुटी रही लोगों की भीड़

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह भुडरूडीह कैनाल के किनारे लोगों ने एक महिला का शव पड़ा देखा। देखते ही देखते आसपास के ग्रामीण और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची और लोगों से पूछताछ करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में भी जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

शव की स्थिति से दुष्कर्म की आशंका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला के शव की स्थिति बेहद संदिग्ध थी। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे और शरीर का ऊपरी तथा निचला हिस्सा नग्न अवस्था में था। स्थानीय लोगों का कहना है कि शव देखकर प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा था कि महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। बाद में स्थानीय लोगों ने मानवता के नाते शव को तौलिये से ढक दिया।

हालांकि पुलिस ने अभी तक दुष्कर्म की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और दुष्कर्म की आशंका पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।

हाथों में लगी मेहंदी ने बढ़ाई रहस्य की परतें

घटनास्थल पर मौजूद लोगों की नजर महिला के हाथों पर लगी ताजा मेहंदी पर भी गई। मेहंदी पूरी तरह फीकी भी नहीं पड़ी थी, जिससे लोगों ने अनुमान लगाया कि महिला की हाल ही में शादी हुई हो सकती है या वह किसी पारिवारिक समारोह में शामिल हुई होगी। हाथों की मेहंदी ने इस मामले को और रहस्यमय बना दिया है। फिलहाल पुलिस मृतका की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों और लापता महिलाओं के रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

कहीं और हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका

परसुडीह थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि महिला की हत्या कहीं और की गई है और बाद में शव को भुडरूडीह कैनाल किनारे लाकर फेंक दिया गया। हालांकि यह केवल शुरुआती आशंका है और सभी तथ्यों की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। साथ ही, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मृतका की पहचान और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

[ays_poll id=1]
सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें