फतेह लाइव, रिपोर्टर.
धनबाद के मुनीडीह क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। आधी रात के करीब गैस कटर सिलेंडर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय वहां 8 से 10 लोग मौजूद थे। सिलेंडर फटते ही जहरीली गैस तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। कुछ ही पलों में हालात इतने बिगड़ गए कि लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी और दम घुटने जैसी स्थिति बन गई।
हादसे में चार लोग गंभीर रूप से प्रभावित हुए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने संजय यादव और मोहम्मद अजहरुद्दीन को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, मोहम्मद अब्राहिम और मोहम्मद इमामुद्दीन का अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।



