फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह समाजसेवी महेंद्र कुमार पांडे ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी को अब ‘ इंडिया ‘ गठबंधन याद आ रहा है। लोकसभा चुनाव से पहले बने इंडिया गठबंधन को उन्होंने कोई महत्व नहीं दिया। बल्कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ मिलकर वह ‘थर्ड फ्रंट’ बनाने की पक्षधर रहीं। ऐसे में अब उनकी इंडिया गठबंधन के नेताओं की याद आना “अब ऊंट आया पहाड़ के नीचे” वाली कहावत को चरितार्थ करता है।
महेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि इंडिया गठबंधन के तहत अगर ममता बनर्जी ने बंगाल चुनाव लड़ा होता तो, परिणाम कुछ और होता। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को अब देर से ही सही लेकिन ‘थर्ड फ्रंट’ बनाने का मोह त्याग कर इंडिया गठबंधन का हिस्सा बन जाना चाहिए तथा इसे मजबूत बनाने की दिशा में जुट जाना चाहिए। वहीं महेंद्र कुमार पांडे ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा ने सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर धांधली से सत्ता के शिखर पर पहुंची है। यह देश की जनता बखूबी जानती है। कहा कि 2029 के आम चुनाव में जनता भाजपा समर्थित एनडीए गठबंधन को करारा जवाब देगी।



