फतेह लाइव, रिपोर्टर.
पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित “राजस्थान महोत्सव सह मेला 2026” की तैयारियां अब जोर-शोर से प्रारंभ हो गई हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में भूमि पूजन, बजरंग ध्वज स्थापना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडाल निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया।

पूजा-अर्चना के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने भगवान से आयोजन की सफलता, समाज की सुख-समृद्धि एवं शहरवासियों के मंगल की कामना की। बजरंग ध्वज स्थापना के साथ पूरे मैदान में भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
मारवाड़ी सम्मेलन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष आयोजित होने वाला राजस्थान महोत्सव सह मेला पूर्व वर्षों की तुलना में और अधिक भव्य एवं आकर्षक होगा। मेले में राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, लोक कला, पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प, रंग-बिरंगे सजावटी स्टॉल, बच्चों के मनोरंजन के साधन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेंगे। साथ ही विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को राजस्थानी संस्कृति की झलक देखने का अवसर मिलेगा।
ज्ञात हो कि आगामी 17 मई से 20 मई 2026 तक गोपाल मैदान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर समाज एवं शहरवासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल, जिला महासचिव प्रदीप मिश्रा, प्रांतीय संयुक्त महामंत्री विमल अग्रवाल, जिला संरक्षक सुशील रामरायका, संयुक्त महासचिव अंकुश जवानपुरिया, आकाश शाह, उपाध्यक्ष दिलीप गोयल, मनोज चेतानी, सुरेश कुमार अग्रवाल, राकेश अग्रवाल (बागा), विकास गढ़वाल, पंकज संघी, महेश छापोलिया, अंकित मोदी, विमल हरलूपका, सुनील सोंथालिया, विकास सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।



