30 जून को संभालेंगे चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ का पद
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
केंद्र सरकार ने वर्तमान उप सेना प्रमुख (वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का अगला प्रमुख (Chief of Army Staff) नियुक्त किया है। रक्षा मंत्रालय द्वारा शनिवार को जारी आदेश के अनुसार वह 30 जून 2026 की दोपहर से पदभार ग्रहण करेंगे। वर्तमान सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी 30 जून को सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिसके बाद लेफ्टिनेंट जनरल सेठ सेना की कमान संभालेंगे।
राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद जारी नियुक्ति आदेश में कहा गया है कि लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को जनरल के पद पर पदोन्नत करते हुए भारतीय सेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है। लगभग चार दशक लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने विभिन्न परिचालन, रणनीतिक और नेतृत्वकारी जिम्मेदारियां निभाई हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ का परिचय एक नजर में
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), खड़कवासला के पूर्व छात्र हैं। उन्हें दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन प्राप्त हुआ था। अपने सैन्य जीवन में उन्होंने आर्मर्ड रेजिमेंट, आर्मर्ड ब्रिगेड, काउंटर-इंसर्जेंसी फोर्स तथा विभिन्न महत्वपूर्ण कमानों का नेतृत्व किया है। वर्तमान में वह भारतीय सेना के उप प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। उनके पास जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में संचालन का व्यापक अनुभव है।
एक नजर में ये भी जानें
उप सेना प्रमुख से सेना प्रमुख तक का सफर
करीब 40 वर्षों के सैन्य अनुभव वाले अधिकारी को मिली कमान
जनरल उपेंद्र द्विवेदी के सेवानिवृत्त होने के बाद संभालेंगे जिम्मेदारी




