Jamshedpur : सोनारी क्षेत्र नागरिक बुनियादी सुविधाओं से वंचित : सुधीर कुमार पप्पू

SHARE:

फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

टाटा स्टील केवल एक नाम नहीं, बल्कि आम जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक रहा है। एक समय था जब देश के अन्य शहरों के लोग भी गर्व से कहते थे कि आप टाटानगर में रहते हैं, जो सड़क, बिजली, पानी, साफ-सफाई एवं सामाजिक हित के कार्यों के लिए प्रसिद्ध था। परंतु न जाने क्यों, विगत कई वर्षों से टाटा स्टील आम जनता के इस विश्वास को लगातार धूमिल कर रही है।

आज टाटा स्टील क्षेत्र के अंतर्गत चारों ओर कचरे का अंबार लगा हुआ है। कई सड़कों की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है और उनकी मरम्मत के लिए लोग टाटा स्टील की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं। दुर्भाग्यवश, सड़कों की मरम्मत के नाम पर कई स्थानों पर केवल सड़क को काटने और तोड़ने का कार्य किया जा रहा है, जबकि वास्तविक मरम्मत एवं पुनर्निर्माण का कार्य नहीं हो रहा है। इससे आम नागरिकों को आवागमन में और अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

Gambhir Car Associate Motion Ads Motion Ads

24 घंटे पानी उपलब्ध कराने के दावों के बावजूद, जिन क्षेत्रों में पानी के मीटर लगाए गए हैं, वहां भी लोगों को नियमित रूप से पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।

बिजली विभाग द्वारा जहां-जहां कार्य किया जाता है, वहां सड़कों को खोदने के बाद उनकी उचित मरम्मत नहीं की जाती। वहीं टाटा स्टील द्वारा लगभग एक वर्ष से आम नागरिकों के लिए बिजली, पानी, ड्रेनेज सिस्टम तथा बिजली लोड एवं पावर वृद्धि से संबंधित कार्यों पर रोक लगाए जाने के कारण सोनारी क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

केंद्र सरकार के स्वच्छ भारत अभियान के तहत टाटा स्टील द्वारा विगत कई वर्षों से सीवरेज एवं ड्रेनेज व्यवस्था का कार्य कराया जा रहा है, परंतु आज तक इसका कोई संतोषजनक समाधान नहीं निकल पाया है। कदमा एवं सोनारी के कई क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाकर कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। वर्तमान में उन पाइपों की स्थिति क्या है, यह भी भगवान भरोसे है।

क्षेत्र में अधिकांश घरों के सेफ्टी टैंक अभी भी यथावत बने हुए हैं, जिसके कारण मच्छरों, मक्खियों एवं विभिन्न प्रकार के रोगजनक कीटाणुओं का प्रकोप बढ़ गया है। इसका सीधा प्रभाव आम जनता के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।

इन्हीं सभी समस्याओं को लेकर रविवार को सोनारी क्षेत्र के बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों ने जमशेदपुर न्यायालय के अधिवक्ता, राजनीतिक चिंतक एवं सोनारी थाना शांति समिति के सचिव श्री सुधीर कुमार पप्पू जी से वार्ता की। इस विषय से जमशेदपुर के सांसद, विधायक, उपायुक्त, टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारियों एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को भी अवगत कराया जाएगा तथा उनसे अनुरोध किया गया कि वे इस दिशा में आवश्यक कदम उठाकर जमशेदपुर शहर को पुनः उसके पुराने गौरव एवं पहचान तक पहुंचाने का प्रयास करें।

अभी-अभी

Horoscope

Weather

और पढ़ें