विभागीय समीक्षा बैठक में अवैध खनन-शराब पर अभियान, स्कूल बसों की जांच और नगर निगम व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
झारखंड के उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने सोमवार को गिरिडीह समाहरणालय सभागार में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को राजस्व संग्रह में तेजी लाने, लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा SIR-2026 के तहत गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य अगले 24 घंटे के भीतर शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में आयुक्त ने वाणिज्य कर, परिवहन, उत्पाद, खनन, निबंधन, नगर निगम, राजस्व, विधि शाखा एवं भू-अर्जन समेत विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने राजस्व वसूली की प्रगति पर संतोषजनक परिणाम लाने के लिए विभागों को समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान आयुक्त ने अवैध खनन और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ नियमित अभियान चलाने, स्कूल बसों की सघन जांच करने तथा नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब पड़े हाईमास्ट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराने और शहर की बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया।
इसके अलावा उन्होंने राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों, पीजी पोर्टल और सीपीग्राम्स पर दर्ज शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आम जनता को समय पर राहत मिल सके।
बैठक में उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को आयुक्त के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने, राजस्व संग्रह में अपेक्षित वृद्धि लाने, SIR-2026 डिजिटाइजेशन कार्य समय पर पूरा करने तथा जनहित से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी सहित जिले के सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।










