फतेह लाइव,,रिपोर्टर।
अपराध नियंत्रण अभियान के दौरान जुगसलाई पुलिस ने अब तक 10 हथियार जब्त कर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इसके साथ ही क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराधियों और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
जुगसलाई क्षेत्र में अपराध और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीम लगातार सक्रिय है। इन सफल कार्रवाइयों में जुगसलाई थाना के एसआई विवेक कुमार पंडित, एसआई धनंजय कुमार और टैंगो-42 के जवान सलमान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अपराध और अपराधियों के खिलाफ उत्कृष्ट कार्य के लिए तीनों पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। पुलिस लाइन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब ने तीनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
बताया जा रहा है कि यह पहला मौका है, जब एक ही थाना के तीन पुलिसकर्मियों को एक साथ उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया है। सम्मान मिलने पर जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रबानी भी गौरवान्वित नजर आए। उन्होंने तीनों पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
थाना प्रभारी ने कहा कि टीम के बीच बेहतर तालमेल, मेहनत और समर्पण पुलिस की सफल कार्रवाई का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने आगे भी अपराध नियंत्रण और नशे के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही।









































